बारिश-तूफान बढ़ाएंगी मुश्किलें, यूपी-उत्तराखंड में कल से तीन दिन बिगड़ सकता मौसम, 9 राज्यों में आंधी-पानी की चेतावनी
लखनऊ, अमृत विचार: देश के उत्तर से लेकर पूर्वी भाग में एक बार फिर से बारिश-तूफान मुश्किलें बढ़ाने वाली हैं। मौसम विभाग के मुताबिक यूपी और उत्तराखंड 28 अप्रैल से 1 मई तक मौसम खराब होने की चेतावनी दी गई है, जबकि बिहार, झारखंड समेत 9 राज्यों में भारी बारिश-आंधी की चेतावनी जारी की गई है। पहाड़ी राज्यों में भी आफत की बारिश लोगों की परेशानी बढ़ाएगी। इस दौरान 60 से 75 किलोमीटर प्रति घंटे की स्पीड से हवा चलेगी।
देश में खतरनाक जानलेवा गर्मी के बीच अब आंधी-बारिश एक बार फिर से प्रहार करने वाली है। मौसम विभाग के अनुमान के मुताबिक पूर्वी उत्तर प्रदेश और आसपास के इलाकों में निचले क्षोभमंडल में एक चक्रवाती परिसंचरण का भी निर्माण हो रहा है। इसके अलावा पूर्वोत्तर झारखंड और आसपास के इलाकों में निचले क्षोभमंडल में एक चक्रवाती परिसंचरण मौजूद है। सोमवार को 9 राज्यों में भारी बारिश और तूफान का अलर्ट है।
इस दौरान आकाशीय बिजली और वज्रपात की भी चेतावनी जारी की गई है। पूर्वी राज्यों और पहाड़ी राज्यों के कई जिलों में लोगों की मुश्किलें बढ़ सकती है। बारिश के साथ-साथ 75 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी चल सकती है। किसानों को बेहद सतर्क रहने की जरूरत है। हालांकि दिल्ली में सोमवार को दिन में जानलेवा लू वाली हवा चलेगी। इस हवा की रफ्तार 20 से 25 किलोमीटर प्रति घंटे तक रह सकती है। दिल्ली में 27 अप्रैल को अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस तो न्यूनतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।
• उत्तर प्रदेश में 28 अप्रैल से 1 मई तक बारिश-आंधी की चेतावनी दी गई है। लखनऊ, कानपुर, प्रयागराज, ललितपुर, सीतापुर, हरदोई, बहराइच, वाराणसी, आजमगढ़, देवरिया, कुशीनगर, जौनपुर, मऊ, मेरठ, बुलंदशहर, हापुड़, पीलीभीत, मुजफ्फरनगर, आगरा, अलीगढ़ और मथुरा में बारिश की चेतावनी है।
लखनऊ में सोमवार अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस रहेगा तो न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस रहेगा। उत्तराखंड में सोमवार से अगले दिन तक पिथौरागढ़, नैनीताल, टिहरी गढ़वाल, चमोली, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर और टिहरी गढ़वाल में बारिश और तेज हवाएं चल सकती है। हैं। देहरादून में कल अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस तो न्यूनतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस रहेगा।
बांदा 47.4 डिग्री सेल्सियस के साथ देश में सबसे गर्म जिला
प्रदेश में गर्मी ने अप्रैल माह में ही अधिकतम तापमान का नया रिकार्ड बना दिया है। रविवार को प्रदेश का बांदा 47.4 डिग्री सेल्सियस के साथ देश में सबसे गर्म जिला रहा। राजधानी लखनऊ का दिन का तापमान 44 डिग्री सेल्सियस था। भारत मौसम विज्ञान विभाग के 27 अप्रैल तक लू से राहत के आसार नहीं हैं। रविवार को प्रदेश का औसत तापमान 45 डिग्री सेल्सियस के करीब है। मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि लगातार दूसरे दिन भीषण गर्मी से हालात गंभीर हैं। लेकिन 27 अप्रैल से पश्चिमी यूपी में बारिश के संकेत हैं और मई की शुरुआत तक बारिश का असर जारी रह सकता है। 28 अप्रैल से तापमान में गिरावट के आसार हैं। पश्चिमी और पूर्वी उत्तर प्रदेश में इस दौरान कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ हल्की बारिश या बौछारें पड़ सकती हैं। 29 और 30 अप्रैल को कुछ स्थानों पर 40-50 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवा चलेगी। इस दौरान बारिश और बिजली गिरने की संभावना है।
दिल्ली में तापमान 44 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की आशंका
राष्ट्रीय राजधानी में सोमवार को सुबह से ही गर्मी का एहसास रहा और न्यूनतम तापमान सामान्य 25 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो से 1.2 डिग्री अधिक है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार, पालम में न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि लोधी रोड में तापमान 23.6 डिग्री सेल्सियस रहा। इन दोनों केंद्रों में तापमान सामान्य से अधिक था। रिज में न्यूनतम तापमान 25.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि आयानगर में न्यूनतम तापमान 24.4 डिग्री सेल्सियस रहा।
आयानगर में रात के तापमान में 2.7 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई। मौसम विज्ञान विभाग ने बताया कि सुबह साढ़े आठ बजे तक कहीं भी बारिश दर्ज नहीं की गई। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के आंकड़ों के अनुसार, सुबह दिल्ली में वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 199 दर्ज किया गया, जो 'मध्यम' श्रेणी में आता है।
सीपीसीबी के मुताबिक, एक्यूआई शून्य से 50 के बीच 'अच्छा', 51 से 100 'संतोषजनक', 101 से 200 'मध्यम', 201 से 300 'खराब', 301 से 400 'बहुत खराब' और 401 से 500 'गंभीर' श्रेणी में माना जाता है। मौसम विभाग के अनुसार दिल्ली में अधिकतम तापमान के 44 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने के आसार हैं वहीं तेज हवाएं चल सकती हैं।
बिहार के 13 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट
बिहार के दक्षिण-पश्चिम हिस्सों में जारी भीषण गर्मी के दौर के बीच भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने 13 जिलों में आंधी, बारिश और आकाशीय बिजली गिरने का सोमवार को 'ऑरेंज' अलर्ट जारी किया है। आईएमडी के अनुसार कुछ जिलों में बारिश भी हुई हैं। इसने बताया कि 13 जिलों में 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने, आकाशीय बिजली गिरने तथा ओलावृष्टि के आसार हैं।
कई इलाकों में लू का प्रकोप जारी
मौसम विभाग ने बताया कि उत्तर बिहार के किशनगंज, अररिया, पूर्णिया और सुपौल जिलों में अगले 48 घंटे में आंधी, बारिश और आकाशीय बिजली गिरने का अनुमान है। वहीं, इसके विपरीत राज्य के 25 अन्य जिलों, खास तौर पर दक्षिण-पश्चिम के हिस्सों में भीषण गर्मी ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। रोहतास जिले के डेहरी में अधिकतम तापमान 43.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो राज्य में सबसे अधिक रहा।
राज्य के आठ जिलों में पारा 40 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया है। भोजपुर जिले में गर्मी के कारण एक महिला की मौत की भी सूचना है। आईएमडी के अनुसार दक्षिण बिहार में अगले दो से तीन दिन तक गर्मी से राहत मिलने के आसार कम हैं और भीषण गर्मी का दौर जारी रह सकता है।
पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से हरियाणा में बारिश की संभावना
हरियाणा में पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से आज प्रदेश के कई जिलों में बारिश होने और तेज हवाएं चलने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार भिवानी, फरीदाबाद, गुरुग्राम, हिसार समेत 18 जिलों में हल्की से मध्यम बारिश, तेज हवाएं (30-40 किमी/घंटा) और गरज-चमक की संभावना है। विभाग के अनुसार इससे अधिकतम तापमान में दो से चार डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ सकती है।
हाल ही में नारनौल में 44.2 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया था। अगले 48 घंटों में कई शहरों का पारा 40 डिग्री सेल्सियस से नीचे आने की उम्मीद है। विभाग ने बताया कि 28 अप्रैल को बारिश की गतिविधियां और बढ़ेंगी, जबकि 29 अप्रैल को दक्षिण हरियाणा में धूलभरी आंधी और हल्की बूंदाबांदी जारी रह सकती है। 30 अप्रैल से मौसम साफ होने लगेगा। वहीं, रात का तापमान भी सामान्य से ऊपर बना हुआ है, जिससे उमस बढ़ी है। हालांकि, बारिश के बाद रात के तापमान में भी गिरावट आने की संभावना है।
चंडीगढ़ में चार दिन का हीट वेव और तूफान का अलर्ट जारी
चंडीगढ़ , पंजाब में आगामी चार दिनों के लिए हीट वेव और तूफान का अलर्ट जारी किया गया है। अप्रैल के अंतिम सप्ताह में सामान्य से अधिक तापमान दर्ज किया जा रहा है, जिससे लोगों को भीषण गर्मी का सामना करना पड़ रहा है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले चार दिन तक गर्म हवाओं के साथ-साथ तेज आंधी और तूफान आने की संभावना है। मौसम विभाग ने नागरिकों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है।
खासकर दोपहर 12 बजे से शाम चार बजे के बीच घर से बाहर निकलने से बचने के लिए कहा गया है, क्योंकि इस समय तापमान अपने चरम पर रहता है और लू लगने का खतरा सबसे अधिक होता है। यदि किसी जरूरी काम से बाहर जाना पड़े, तो सिर को ढककर और पर्याप्त पानी साथ लेकर ही निकलें। स्वास्थ्य विभाग ने भी लोगों को सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं।
डॉक्टरों का कहना है कि शरीर में पानी की कमी (डिहाइड्रेशन) से बचने के लिए अधिक से अधिक तरल पदार्थों का सेवन करें तथा बच्चों, बुजुर्गों और बीमार व्यक्तियों का विशेष ध्यान रखने की आवश्यकता है। मौसम विभाग ने यह भी संकेत दिया है कि आने वाले दिनों में तापमान में और वृद्धि हो सकती है। ऐसे में लोगों को सावधानी बरतते हुए सुरक्षित रहने की अपील की गई है।
राजस्थान में भीषण गर्मी के बीच कई जगह हल्की बारिश
राजस्थान में भीषण गर्मी का दौर जारी है, हालांकि इस दौरान कई जगह हल्की बारिश और बूंदाबांदी हुई। मौसम विभाग के अनुसार, आगामी दिनों में अधिकतम तापमान में आंशिक गिरावट आ सकती है। मौसम केंद्र जयपुर के अनुसार, सोमवार की सुबह, बीते चौबीस घंटे के दौरान राज्य में कुछ हिस्सों में उष्ण लहर और उष्ण रात्रि दर्ज़ होने के साथ ही कई जगह बादलों की गरज और हवाओं के साथ हल्की बारिश या बूंदाबांदी दर्ज की गयी।
इस समय राजस्थान के अधिकतर भागों में अधिकतम तापमान 44-46 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया जा रहा हैं जो इस मौसम के सामान्य तापमान से अधिक है। बीते चौबीस घंटे में अधिकतम 46.4 डिग्री सेल्सियस तापमान बाड़मेर में रहा। इस दौरान सर्वाधिक बारिश फलौदी में 4.0 मिलीमीटर हुई।
मौसम केंद्र के अनुसार, राज्य के कुछ भागों में उष्ण लहर का दौर अभी जारी रह सकता है। हालांकि एक नए पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने और बंगाल की खाड़ी से आने वाली पूर्वी हवाओं के प्रभाव से आगामी 3-4 दिन दोपहर बाद बादलों की गरज के साथ आंधी चलने व कहीं-कहीं हल्की बारिश होने की उम्मीद है। मौसम केंद्र के अनुसार, आगामी दिनों में आंधी बारिश के प्रभाव से अधिकतम तापमान में एक से दो डिग्री सेल्सियस की गिरावट आएगी।
ये भी पढ़ें :
वैश्विक उथल-पुथल से डगमगाते कारोबार पर ''भामाशाह'' चिंतित, चर्चा में जुटे व्यापारियों ने बताईं कारोबारी दिक्कतें
