Bareilly: भट्ठी सा धधक रहा जिला...कल से राहत के आसार, 2018 के बाद अप्रैल माह में टूटा रिकार्ड

Amrit Vichar Network
Published By Monis Khan
On

बरेली, अमृत विचार। अप्रैल में उम्मीद से ज्यादा गर्म हुए मौसम के मिजाज ने लोगों के पसीने छुड़ा दिए हैं। जनपद में पिछले आठ दिन से तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के उपर बना हुआ है। रविवार को चिलचिलाती धूप के कारण में मुश्किलें खड़ी हो गईं। दिन का अधिकतम तापमान 41.2 डिग्री पहुंच गया। वर्ष 2018 के बाद से अप्रैल माह सर्वाधिक गर्म माना जा रहा है। रात में भी छह वर्ष की गमी का रिकॉर्ड टूट चुका है।

बीते आठ वर्ष की बात करें तो पहली बार अप्रैल माह में अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस पर पहुंचा था। शुक्रवार को तापमान 41.2 डिग्री रहने पर जनजीवन प्रभावित दिखा। दोपहर के समय शहर की सड़के सूनी रहीं। बाजार में खरीदारों की संख्या भी काफी कम राही। जो लोग बाजार में निकले उन्होंने भी लू से बचने के लिए चेहरे को कपड़े से ढ़का हुआ था। तापमान में वृद्धि की वजह से लोगों का घरों से निकलना मुश्किल है। इंसान छोड़िए जानवर तक तेज धूप से बचने के लिए छांव तलाशते नजर आते हैं। मौसम के तीखे तेवर से किसानों की चिंता भी बढ़ गई है। खेतों में खड़ी फसलों पर भी गर्मी की मार पड़ने की आशंका है। मौसम विभाग का कहना है कि आमतौर पर अप्रैल के महीने में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस या उससे ऊपर दो से तीन बार ही जाता है। लेकिन, इस बार आठ दिन से तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर बना है।

28 अप्रैल के बाद गर्मी से मिलेगी कुछ राहत
मौसम विभाग के अनुसार, वर्तमान में सक्रिय गर्म पछुआ हवाओं और प्रतिचक्रवात का प्रभाव जल्द कम होने वाला है। एक नया पश्चिमी विक्षोभ 27 अप्रैल को पश्चिमी उत्तर प्रदेश में दस्तक देगा, जिसके असर से 28 अप्रैल से मौसम का मिजाज बदलने के आसार हैं। मौसम वैज्ञानिकों का अनुमान है कि बंगाल की खाड़ी से आने वाली नमी के कारण 28 अप्रैल से गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है। यह सिलसिला मई की शुरुआत तक जारी रह सकता है। इस बदलाव की वजह से तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट आने की संभावना है, जिससे लोगों को लू के थपेड़ों से कुछ हद तक निजात मिल जाएगी।
इंसेट

हीट वेव को लेकर अलर्ट, बरतें सावधानी
बढ़ते तापमान और लू के प्रकोप को देखते हुए जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की ओर से अलर्ट जारी किया गया है। सीएमओ डा. विश्राम सिंह ने हीट वेव से बचाव के लिए अधिक से अधिक पानी पीने की सलाह दी है। उनका कहना है कि शरीर में पानी की कमी न होने दे और घर में बने पेय पदार्थ जैसे लस्सी, नींबू का पानी और छाछ का नियमित सेवन करें। चाय काफी और अधिक शंकरा युक्त ठंडे पेय से दूरी बनाने की सलाह दी है

 

संबंधित समाचार