Moradabad:हीट वेव का कहर जारी, दिन-रात तप रहा शहर, न्यूनतम तापमान 24 डिग्री पहुंचा

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

मुरादाबाद, अमृत विचार। जिले में हीट वेव का असर लगातार तेज होता जा रहा है। सोमवार को भी भीषण गर्मी और गर्म हवा के थपेड़ों ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित किया। दिन में चिलचिलाती धूप के साथ अब रात का बढ़ता तापमान भी लोगों को राहत नहीं लेने दे रहा है। हालात ऐसे हैं कि दिन के साथ-साथ रात में भी गर्मी से निजात नहीं मिल पा रही है और लोग लगातार परेशान हैं।

सोमवार को अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान बढ़कर 24 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। न्यूनतम तापमान में लगातार बढ़ोतरी के चलते रात में भी गर्मी का असर बना हुआ है, जिससे लोगों को सुकून नहीं मिल पा रहा है। सुबह से ही तेज धूप ने अपने तेवर दिखाने शुरू कर दिए थे। दोपहर के समय गर्म हवा के चलते सड़कों पर सन्नाटा नजर आया। जरूरी काम से ही लोग घरों से बाहर निकले, जबकि अधिकांश लोग धूप से बचने के लिए घरों में ही रहे। गर्मी का असर बाजारों में भी साफ देखा गया। दोपहर के समय दुकानों पर ग्राहक कम नजर आए। वहीं ठंडे पेय, जूस और आइसक्रीम की दुकानों पर लोगों की भीड़ बढ़ गई है। कूलर और एसी की मांग में भी तेजी देखने को मिल रही है।

आगे और बढ़ेगी गर्मी
मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में तापमान में और बढ़ोतरी की संभावना है। ऐसे में हीट वेव का असर और तेज हो सकता है, जिससे लोगों को फिलहाल राहत मिलने के आसार कम नजर आ रहे हैं। 25 अप्रैल तक अधिकतम तापमान 43 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस पहुंचने की संभावना है।

संबंधित समाचार