बुलंदशहर तिहरे हत्याकांड : हिरासत से भागने की कोशिश, मुठभेड़ के दौरान गोली लगने से आरोपी घायल

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

बुलंदशहर। बुलंदशहर जिले के खुर्जा नगर थाना क्षेत्र में तिहरे हत्याकांड के बाद गिरफ्तार तीन आरोपियों में से एक, पुलिस हिरासत से भागने की कोशिश के दौरान मुठभेड़ में गोली लगने से घायल हो गया। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी। तिहरे हत्याकांड की घटना शनिवार रात एक जिम में हुई, जहां जीतू के जन्मदिन की पार्टी हो रही थी।

अधिकारियों ने बताया कि कहासुनी के बाद एक ही परिवार के तीन लोगों अमरदीप (30), मनीष (28) और आकाश (18) की गोली मारकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने अनुसार जांच में पाया गया कि जीतू के जन्मदिन की पार्टी के दौरान आपसी कहासुनी होने पर दोस्तों के बीच विवाद हुआ था। खुर्जा के पुलिस क्षेत्राधिकारी शोभित कुमार ने कहा, ''जन्मदिन की पार्टी में केक लगाने की बात सामने में आई है जिसके कारण यह विवाद हुआ। सभी बिंदुओं पर जांच की जा रही है।'' 

पीड़ित परिवार से ताल्लुक रखने वाले संजय ने बताया कि मनीष उनके छोटे भाई थे, आकाश भतीजे और अमरदीप उनके चाचा के बेटे थे। पुलिस ने बताया कि इस संबंध में मामला दर्ज कर तीन आरोपियों-रूपेश, मयंक और नरेश को गिरफ्तार किया गया। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आरोपी मयंक ने बताया कि उसने एक अवैध हथियार एक फ्लाईओवर के नीचे छिपाया है। खुर्जा नगर पुलिस और स्वाट टीम उसकी निशानदेही पर हथियार बरामद करने वहां पहुंची। 

खुर्जा के पुलिस क्षेत्राधिकारी ने बताया कि इसी दौरान मयंक ने पुलिस हिरासत से भागने का प्रयास किया और छिपाए गए हथियार से पुलिस टीम पर गोली चला दी, लेकिन पुलिस की जवाबी कार्रवाई में मयंक के पैर में गोली लग गई। उन्होंने बताया कि आरोपी को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। खुर्जा के ही निवासी मयंक के पास से .315 बोर का एक अवैध तमंचा और एक खोखा बरामद हुआ है। कुमार ने बताया कि मामले की छानबीन की जा रही है।  

संबंधित समाचार