बाराबंकी : धार्मिक स्थलों के विकास को 7.02 करोड़ की 10 परियोजनाएं मंजूर, पर्यटन को मिलेगा बढ़ावा

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बाराबंकी, अमृत विचार। प्रदेश सरकार ने जनपद के धार्मिक एवं पर्यटन महत्व के स्थलों के विकास के लिए राज्य योजना के अंतर्गत वित्तीय वर्ष 2025-26 में 702 लाख रुपये लागत की 10 परियोजनाओं को स्वीकृति दी है। इन कार्यों का क्रियान्वयन सीएनडीएस कार्यदायी संस्था द्वारा किया जाएगा और सभी परियोजनाओं को गुणवत्ता व समयबद्धता के साथ पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं। 

पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने बताया कि कुर्सी क्षेत्र के काली मंदिर के लिए 90 लाख, दरियाबाद के अलियाबाद स्थित सर्वेश्वर महादेव मंदिर के लिए 55 लाख, हैदरगढ़ के ठाकुर राधाकृष्ण महाराज मंदिर के लिए 59 लाख, विधानसभा रामनगर स्थित कोटवाधाम जगजीवन दास मंदिर के लिए 150 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं। इसके अलावा आवास विकास कॉलोनी कोठी डीह स्थित स्वामी चेतना जी महाराज शिवा योगपीठ योग आश्रम के लिए 86 लाख तथा जैदपुर ब्लॉक मसौली स्थित ज्वालामुखी मंदिर के लिए 70 लाख रुपये दिए गए हैं। 

अन्य परियोजनाओं में हैदरगढ़ के जलालपुर स्थित नैपुरा घाट (गोमती नदी) मंदिर परिसर में इंटरलॉकिंग हेतु 48 लाख, फतेहपुर ब्लॉक के ग्राम गौरा सैलक स्थित गंगापुर घाट (सुमली नदी) पर 48 लाख, रामनगर क्षेत्र के कालभैरव मंदिर श्रीनाथ बाबा के विकास हेतु 48 लाख तथा हैदरगढ़ के ग्राम बेहटा स्थित बाबा टीकाराम तीर्थ स्थल के लिए 48 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं। 

मंत्री जयवीर सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मार्गदर्शन में प्रदेश के आस्था और विरासत स्थलों का सुनियोजित विकास किया जा रहा है, जिससे धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलने के साथ स्थानीय रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे। जिलाधिकारी ईशान प्रताप सिंह ने बताया कि सभी परियोजनाओं की सतत मॉनिटरिंग कर उन्हें गुणवत्ता के साथ समय पर पूरा कराया जाएगा। उन्होंने कार्यदायी संस्था को निर्माण में गुणवत्ता, उपयोगिता और सौंदर्यीकरण के मानकों का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए हैं।

संबंधित समाचार