बाराबंकी में जन आक्रोश महिला सम्मेलन आयोजित, मंत्री सतीश शर्मा ने कहा-33% आरक्षण दिलाकर रहेंगे पीएम मोदी
बाराबंकी, अमृत विचार। जिला पंचायत सभागार में सोमवार को जन आक्रोश महिला सम्मेलन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में नारी शक्ति वंदन अधिनियम और महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण दिलाने को लेकर केंद्र की एनडीए सरकार का संदेश प्रमुखता से रखा गया। बड़ी संख्या में महिलाओं और भाजपा कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। मुख्य अतिथि खाद्य एवं रसद राज्य मंत्री सतीश शर्मा ने कहा कि यह कार्यक्रम महिलाओं के सम्मान और अधिकारों की लड़ाई का प्रतीक है।
उन्होंने आरोप लगाया कि 16, 17 और 18 अप्रैल को विशेष संसद सत्र में कांग्रेस व सपा सहित अन्य विपक्षी पार्टियों के विरोध के कारण महिला आरक्षण विधेयक पारित नहीं हो सका। उन्होंने कहा कि यदि सहयोग मिलता तो यह ऐतिहासिक कदम होता। उन्होंने पंचायत और निकायों में महिलाओं के आरक्षण का उल्लेख करते हुए कहा कि इसका सकारात्मक असर दिखाई दे रहा है। जिला पंचायत अध्यक्ष राजरानी रावत सहित कई महिला ब्लॉक प्रमुखों के नेतृत्व को उन्होंने इसका उदाहरण बताया।
1.jpg)
उन्होंने नरेंद्र मोदी के संकल्प का जिक्र करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री ने स्पष्ट कहा है न मैं हिम्मत हारा हूं, न मेरा हौसला टूटा है, मातृ शक्ति को 33 प्रतिशत आरक्षण दिलाकर रहूंगा। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। पीएम मोदी महिलाओं को 33% आरक्षण दिलाकर रहेंगे।
राज्यमंत्री ने केंद्र सरकार की योजनाओं का उल्लेख करते हुए बताया कि 40 करोड़ महिलाओं के बैंक खाते खोले गए, 10 करोड़ घरों में शौचालय बने, 7 करोड़ गरीब परिवारों को आवास मिला, उज्ज्वला योजना से करोड़ों गैस कनेक्शन दिए गए और लखपति दीदी योजना से महिलाओं को आर्थिक मजबूती मिल रही है। जिला पंचायत अध्यक्ष राजरानी रावत ने कहा कि महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने के लिए भाजपा गंभीर है, लेकिन विपक्ष के कारण यह संभव नहीं हो पाया। जिला अध्यक्ष रामसिंह वर्मा ने भी भाजपा को महिलाओं के सम्मान का पक्षधर बताया।
सम्मेलन के बाद महिलाओं ने पदयात्रा निकालकर पटेल चौराहे पर कांग्रेस नेता राहुल गांधी और सपा प्रमुख अखिलेश यादव का पुतला दहन किया और नारेबाजी की। कार्यक्रम में डॉ. राम कुमारी मौर्य, रचना श्रीवास्तव, रामेश्वरी त्रिवेदी, अलका मिश्रा, ब्लॉक प्रमुख आरती रावत, लकी सिंह, डीडीसी पूजा सिंह, पूनम कन्नौजिया, शशी सिंह, शांति वर्मा, अंशु वर्मा, सुमन श्रीवास्तव, अर्चना मिश्रा, विजय आनंद बाजपेई, पवन सिंह रिंकू, मनोज वर्मा, हरगोविंद सिंह, डॉ. विवेक वर्मा और अमरीश रावत सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।
