लगातार 5वीं हार से निराश हुए ऋषभ पंत, बोले- 'एक या दो खिलाड़ियों से नहीं जीते जाते मैच'

Amrit Vichar Network
Published By Anjali Singh
On

लखनऊ। लखनऊ सुजर जायंट्स के कप्तान रिषभ पंत ने इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 में मिली लगातार पांचवीं हार के बाद कहा कि हमें ब्रेक की जरुरत है और हर खिलाड़ी को जिम्मेदारी लेनी होगी। 

कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ रविवार को उतार-चढ़ाव भरे मैच के सुपर ओवर में मिली हार के बाद पंत ने कहा, "देखिए, मुझे लगता है कि हमें निश्चित तौर पर एक ब्रेक चाहिए। हम ख़ुद को तरोताज़ा करेंगे। दबाव तो हमेशा रहेगा, और यह हमेशा दबाव वाला खेल रहेगा। लेकिन साथ ही हमें जवाब बाहर नहीं, अपने भीतर ढूंढ़ने होंगे। चीज़ों को सरल रखना होगा। 

हर खिलाड़ी को ज़िम्मेदारी लेनी होगी। यह एक या दो खिलाड़ियों की बात नहीं हो सकती, पूरी टीम की बात है। और बहुत से लोग इसकी ज़िम्मेदारी लेंगे, इसमें कोई शक नहीं।" लखनऊ सुपर जायंट्स के लिए एक चिंता निकोलस पूरन की फ़ॉर्म भी रही है, जिन्होंने अब तक सिर्फ़ 82 रन बनाए हैं, औसत 10.25 और स्ट्राइक रेट 81.18 रहा है। इसके बावजूद एलएसजी ने सुपर ओवर में पूरन और पंत को बल्लेबाजी के लिए भेजा। 

पूरन पहली ही गेंद पर बोल्ड हो गए, जबकि एलएसजी कुल तीन गेंद ही खेल सकी। अन्य बल्लेबाज एडन मारक्रम भी बिना खाता खोले आउट हो गए। 

पंत ने कहा, "हमने टीम के रूप में चर्चा की थी और जो नाम सामने आया, वह निकी पी (पूरन) का था। हो सकता है वह इस समय अपने करियर की सर्वश्रेष्ठ फ़ॉर्म में न हों, लेकिन मुश्किल समय में आपको अपने खिलाड़ी पर भरोसा करना होता है। वो वापसी करेंगे। इसलिए कोई बहाना नहीं है। बस सकारात्मक बातों को देखना है। अभी शायद ज़्यादा सकारात्मक बातें नजर न आ रही हों, लेकिन ब्रेक के बाद काफ़ी सकारात्मक चीजें होंगी, यह तय है।" 

आखिरी ओवर लेगस्पिनर राठी को दिये जाने के सवाल पर पंत ने कहा, "देखिए, क्रिकेट में ऐसे मौके आते हैं जब गेंदबाजी से आप मैच का रुख बदल सकते हैं। लेकिन कभी-कभी किसी गेंदबाज को मुश्किल ओवर भी फेंकने होते हैं। कई बार मुझे मध्य ओवरों में भी उसे ऐसे ओवर देने होंगे। मैं विकेट की तलाश में था, लेकिन मिला नहीं। यही सोच थी। और मैदान पर बहुत अधिक लोगों की राय होना चीजों को आसान नहीं बनाता।"

ये भी पढ़ें :
Women's T20 World Cup: लड़कियों में है दम....डायना एडुल्जी की भविष्यवाणी, टीम इंडिया के लिए कही यह बड़ी बात

संबंधित समाचार