IPL 2026: केएल राहुल की शानदार बल्लेबाजी, पंजाब के खिलाफ जड़ा तूफानी शतक; गेल और रोहित के कीर्तिमानों की कर ली बराबरी

Amrit Vichar Network
Published By Muskan Dixit
On

दिल्लीः इंडियन प्रीमियर लीग 2026 के 35वें मुकाबले में दिल्ली कैपिटल्स (DC) के स्टार बल्लेबाज केएल राहुल ने अपने बल्ले से कोहराम मचा दिया। पंजाब किंग्स के खिलाफ खेलते हुए राहुल ने न केवल अपनी टीम को संकट से उबारा, बल्कि रिकॉर्ड्स की झड़ी लगा दी। शुरुआती झटकों के बाद राहुल और नितीश राणा की जोड़ी ने पंजाब के गेंदबाजों की जमकर खबर ली और महज 10 ओवरों में ही स्कोर को 100 के पार पहुंचा दिया।

राहुल ने की 'यूनिवर्स बॉस' की बराबरी

मुकाबले के 15वें ओवर में राहुल ने चौका जड़कर अपना छठा IPL शतक पूरा किया। इस सेंचुरी के साथ ही उन्होंने दिग्गज क्रिस गेल के 6 शतकों के रिकॉर्ड की बराबरी कर ली है। अब वे IPL इतिहास में सबसे ज्यादा शतक लगाने के मामले में संयुक्त रूप से तीसरे स्थान पर आ गए हैं।

IPL में सबसे ज्यादा शतक लगाने वाले दिग्गज:

-विराट कोहली: 8 शतक
-जोस बटलर: 7 शतक
-क्रिस गेल: 6 शतक
-केएल राहुल: 6 शतक
-संजू सैमसन: 5 शतक

बनाया करियर का सबसे तेज शतक, तोड़ा पंत का रिकॉर्ड

केएल राहुल ने आज अपनी पारी के दौरान कई निजी उपलब्धियां हासिल कीं:

1.  सबसे तेज शतक: राहुल ने मात्र 47 गेंदों में अपना सैकड़ा पूरा किया, जो उनके IPL करियर की सबसे तेज सेंचुरी है। इससे पहले उन्होंने 2022 में मुंबई इंडियंस के खिलाफ 56 गेंदों में शतक जड़ा था।

2.  DC के लिए सर्वोच्च स्कोर: दिल्ली कैपिटल्स की ओर से खेलते हुए अब राहुल के नाम सबसे बड़े व्यक्तिगत स्कोर का रिकॉर्ड दर्ज हो गया है। उन्होंने ऋषभ पंत के 128* रन (बनाम SRH, 2018) के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया।

T20 क्रिकेट में 'हिटमैन' के बराबर पहुंचे राहुल

सिर्फ IPL ही नहीं, ओवरऑल T20 क्रिकेट में भी राहुल का दबदबा देखने को मिला। यह उनके T20 करियर का 8वां शतक था, जिसकी मदद से उन्होंने भारतीय कप्तान रोहित शर्मा की बराबरी कर ली है। अब भारतीय बल्लेबाजों में उनसे आगे केवल विराट कोहली और अभिषेक शर्मा हैं।

T20 में सर्वाधिक शतक (भारतीय बल्लेबाज):

खिलाड़ी शतकों की संख्या
अभिषेक शर्मा 9
विराट कोहली 9
केएल राहुल 8
रोहित शर्मा 8
संजू सैमसन 8

पंजाब को भारी पड़ी एक गलती

मैच का टर्निंग पॉइंट पावरप्ले के दौरान आया जब पंजाब किंग्स के शशांक सिंह ने बाउंड्री पर केएल राहुल का एक बेहद आसान कैच छोड़ दिया। उस वक्त राहुल महज 12 रन पर खेल रहे थे। इस 'जीवनदान' का राहुल ने ऐसा फायदा उठाया कि पंजाब के गेंदबाज अंत तक विकेट के लिए तरसते रह गए।

संबंधित समाचार