आतिशी शतक के बाद अभिषेक शर्मा का ऑरेंज कैप पर जमाया कब्जा, वरुण आरोन ने बताया 'मैच विनर'
हैदराबाद। अभिषेक शर्मा ने दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) इतिहास का पांचवां सबसे बड़ा व्यक्तिगत स्कोर करते हुए 68 गेंदों में नाबाद 135 रन बनाकर ऑरेंज कैप तालिका में शीर्ष पर पहुंच गये है। यह उनका नौवां टी-20 शतक, उन्हें इस सीजन सात पारियों में 323 रन बना लिये। अभिषेक से तीन रन पीछे हाइनरिक क्लासन ऑरेंज कैप टेबल में दूसरे स्थान पर हैं। उन्होंने इस मैच में 13 गेंदों में नाबाद 37 रन बनाए और तीसरे विकेट के लिए अभिषेक के साथ 32 गेंदों में 66 रन की साझेदारी की।
तीसरे स्थान पर गुजरात टाइटंस के कप्तान शुभमन गिल हैं, जिनके पांच पारियों में 265 रन हैं। उनके बाद रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) के विराट कोहली और राजस्थान रॉयल्स के वैभव सूर्यवंशी हैं। इस मामले में शीर्ष दस में इशान किशन (एसआरएच), रजत पाटीदार (आरसीबी), कूपर कॉनॉली, यशस्वी जायसवाल और प्रियांश आर्या शामिल हैं।
पर्पल कैप पर किसका कब्ज़ा
पर्पल कैप की बात की जाये तो इस पर अभी चेन्नई सुपर किंग्स के अंशुल कम्बोज का कब्जा है। वहीं इशान मलिंगा ने टी-20 क्रिकेट में अपना तीसरा 4-विकेट हॉल लिया और इससे वह इस आईपीएल सीजन में सबसे अधिक विकेट लेने वालों की सूची में संयुक्त रूप से दूसरे स्थान पर पहुंच गए। उनके अब 12 विकेट हैं, जबकि जीटी के प्रसिद्ध कृष्णा के भी 12 विकेट हैं। पर्पल कैप अभी भी चेन्नई सुपर किंग्स के अंशुल कम्बोज के पास है, जिनके नाम 13 विकेट हैं। प्रिंस यादव (एलएसजी), भुवनेश्वर कुमार (आरसीबी), कगिसो रबाडा (जीटी) और रवि बिश्नोई (आरआर) के नाम 10-10 विकेट हैं।
गेंदबाजी कोच वरुण आरोन ने बताया 'मैच विनर'
सनराइजर्स हैदराबाद के गेंदबाजी कोच वरुण आरोन ने कहा कि अभिषेक शर्मा जैसे 'ज्यादा जोखिम, ज्यादा इनाम' की रणनीति पर चलने वाले खिलाड़ी का बीच में खराब प्रदर्शन करना अपरिपक्वता का संकेत नहीं है। आरोन ने कहा कि परिपक्व हुए बिना कोई भी दुनिया का नंबर एक टी20 बल्लेबाज नहीं बन सकता और उनके जैसे असाधारण खिलाड़ी को कुछ छूट मिलनी चाहिए।
अभिषेक ने दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ शुरू से लेकर आखिर तक बल्लेबाजी करते हुए 68 गेंद पर नाबाद 135 रन बनाए जिससे उनकी टीम ने यह मैच 47 रन से जीता। इस सलामी बल्लेबाज की टी20 विश्व कप में शुरुआत निराशाजनक रही थी लेकिन इसके बाद उन्होंने लय हासिल कर ली थी। आरोन ने पत्रकारों से कहा, ''मेरा मानना है कि वह शुरू से ही परिपक्व खिलाड़ी रहे हैं और पिछले कुछ वर्षों में यह बात और भी स्पष्ट हो गई है।
परिपक्व हुए बिना आप दुनिया के नंबर एक टी20 बल्लेबाज नहीं बन सकते। वह विपक्षी टीम के आक्रमण और पिच को देखकर ही अपना खेल खेलते हैं।।'' आरोन ने कहा कि अभिषेक ने दिखाया कि उनके पास क्रिकेट की बहुत अच्छी समझ है। उन्होंने शुरू में सावधानी से बल्लेबाजी की और फिर अपने आक्रामक तेवर दिखाए। उन्होंने कहा, ''यह पिच ऐसी नहीं थी कि आप हर गेंद पर लंबे शॉट लगा सको।
आपको विरोधी टीम का सम्मान करना होता है। आपको पिच का सम्मान करना होता है और उन्होंने (अभिषेक ने) ऐसा ही किया।'' आरोन ने कहा, ''जब आप 'ज्यादा जोखिम, ज्यादा इनाम' की रणनीति पर चलते हैं तो कभी-कभी यह कारगर साबित नहीं होता है लेकिन आपको अभिषेक जैसे खिलाड़ी को ऐसी छूट देनी पड़ती है।'' युवा तेज गेंदबाज साकिब हुसैन ने दिल्ली कैपिटल्स के बल्लेबाजों को नियंत्रण में रखा और एक विकेट लिया।
श्रीलंका के दाएं हाथ के तेज गेंदबाज ईशान मलिंगा ने चार विकेट हासिल किए। आरोन ने इन दोनों की प्रशंसा करते हुए कहा, ''उनके पास ऐसे कौशल हैं जो उन्हें किसी भी अन्य गेंदबाज से अलग करते हैं। अगर हम मलिंगा की बात करें, तो वह गेंद को रिवर्स स्विंग कराते हैं।
हमने आज 11वें, 12वें ओवर से रिवर्स स्विंग देखी जिससे विपक्षी टीम के लिए मुश्किल हो जाती है क्योंकि सफेद गेंद से आप वास्तव में यह नहीं देख सकते कि चमकदार साइड कौन सी है।'' उन्होंने कहा, ''साकिब की धीमी गेंद तो कमाल की है। वह धीमी गेंद पर लगभग ऑफ स्पिन जितना ही टर्न हासिल कर लेते हैं। वह यॉर्कर को भी बेहतरीन तरीके से फेंकते हैं और 140 से ज़्यादा की रफ्तार से गेंद फेंक सकते हैं।
