Moradabad:स्मार्ट मीटर लगाने पर फिलहाल रोक, शिकायतों के बाद लिया फैसला
मुरादाबाद, अमृत विचार। प्रदेश सरकार ने बिजली विभाग द्वारा लगाए जा रहे स्मार्ट मीटरों पर फिलहाल रोक लगा दी है। सरकार के अगले आदेश तक अब किसी भी क्षेत्र में नए स्मार्ट मीटर नहीं लगाए जाएंगे। यह निर्णय उपभोक्ताओं की लगातार बढ़ती शिकायतों और जनप्रतिनिधियों द्वारा उठाए गए मुद्दों के बाद लिया गया है।
मुरादाबाद सहित प्रदेश के कई जिलों में प्रीपेड स्मार्ट मीटर लगाने का कार्य तेजी से चल रहा था। इस दौरान कई स्थानों से उपभोक्ताओं ने बिजली कर्मचारियों और निजी कंपनी के स्टाफ के खिलाफ अभद्र व्यवहार की शिकायतें दर्ज कराईं। आरोप है कि मीटर लगाने पहुंचे कर्मियों ने उपभोक्ताओं से ठीक तरीके से संवाद नहीं किया और कई मामलों में जबरन मीटर बदलने का प्रयास भी किया गया।
उपभोक्ताओं का यह भी कहना है कि उन्हें स्मार्ट मीटर की कार्यप्रणाली, रिचार्ज प्रक्रिया और बिलिंग सिस्टम के बारे में पर्याप्त जानकारी नहीं दी गई। इसके चलते कई लोग भ्रमित रहे और उन्हें अनावश्यक परेशानियों का सामना करना पड़ा। कई उपभोक्ताओं ने आरोप लगाया कि स्मार्ट मीटर लगने के बाद उनके बिजली बिलों में अचानक बढ़ोतरी हो गई। वहीं, कुछ मामलों में भुगतान करने के बावजूद बिजली आपूर्ति कई-कई दिनों तक बाधित रही, जिससे लोगों को भीषण गर्मी में भारी दिक्कतें झेलनी पड़ीं। इन समस्याओं को लेकर क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों के माध्यम से शिकायतें प्रदेश सरकार तक पहुंचीं तो स्मार्ट मीटर लगाने के कार्य पर रोक लगाने का निर्णय लिया।
