लखनऊ : ससुराल में पत्नी को दिया तलाक, घर पहुंचकर सामान में लगायी आग

Amrit Vichar Network
Published By Virendra Pandey
On

लखनऊ, अमृत विचार : सआदतगंज इलाके में ससुराल पहुंचकर दामाद ने जमकर बवाल मचाया। ससुराल में मारपीट करते हुए आग लगाने का प्रयास किया। घरवालों ने बाहर निकाला तो पत्नी को तीन तलाक देकर चला गया। अपने घर पहुंचकर दामाद ने पत्नी को मिले सामान को फूंक दिया और कीमती सामान लेकर भाग गया। पीड़िता ने सआदतगंज कोतवाली में पति के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करायी है। इंस्पेक्टर संतोष आर्य ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।

वजीरबाग अखाड़ा निवासी सबा ने बताया कि वह इन दिनों मायके में है। इसी बीच 26 अप्रैल की शाम करीब चार बजे पति शादाब पत्नी के मायके पहुंचा। गाली-गलौज करते हुए मारपीट करने लगा। घरवालों के विरोध किया तो शादाब सबा को अपने साथ ले जाने लगा। इसपर सबा के भाई वसीक अहमद ने विरोध करते हुए कहा कि घरवालों को लेकर आना तब सबा को ले जाना। इसी गुस्से में शादाब घर में आग लगाने का प्रयास करने लगा।

चींखपुकार होने पर घरवालों ने किसी तरह शादाब को घर के बाहर किया। तैश में शादाब ने घर के बाहर खड़े होकर सबा को तीन तलाक दिया और फिर वहां से चला गया। पीड़िता ने बताया कि शादाब ने घर पहुंचने के बाद मायके से मिले सामान में तेल डालकर आग लगा दी। उसके बाद कीमती सामान लेकर भाग गया। पीड़िता ने बताया कि भाई वसीक ने शादाब को काफी समझाया लेकिन उसने एक न सुनी।

पीड़िता ने अपनी भाभी के नाम से शादाब को गाड़ी दिलायी थी। भाभी किस्ते भर रही हैं। उसके बाद भी शादाब गाड़ी बेचना चाहता था। घरवाले समझा रहे थे कि गाड़ी मत बेचो। न मानने पर पीड़िता ने गाड़ी अपने पास रख ली थी। सबा ने 27 अप्रैल को मामले की शिकायत सआदतगंज कोतवाली में की। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मारपीट, धमकी व मुस्लिम महिला एक्ट की रिपोर्ट दर्ज कर ली है।

संबंधित समाचार