लखनऊ : सहायक आचार्य बीएड के 107 पदों पर फिर से भर्ती, 28 अप्रैल से आवेदन शुरू

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

लखनऊ, अमृत विचार : उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग ने सहायक आचार्य (बीएड) के 107 पदों पर भर्ती के लिए संशोधित विज्ञापन जारी किया है। यह भर्ती पूर्व में जारी विज्ञापन संख्या-51 के तहत ही की जा रही है, जिसे न्यायालय के आदेशों के बाद निरस्त कर दोबारा प्रकाशित किया गया है।

आयोग के अनुसार, इलाहाबाद हाईकोर्ट के निर्देशों और बाद में शासन द्वारा निर्धारित नई अर्हताओं के अनुरूप यह भर्ती प्रक्रिया फिर से शुरू की गई है। अब केवल वही अभ्यर्थी आवेदन कर सकेंगे, जिन्होंने 31 अगस्त 2022 तक एनसीटीई रेगुलेशन-2014 के अनुसार निर्धारित शैक्षिक योग्यता पूरी कर ली थी। ऑनलाइन आवेदन 28 अप्रैल 2026 से शुरू हो गए हैं और अंतिम तिथि 27 मई 2026 निर्धारित की गई है। आवेदन में संशोधन की अंतिम तिथि 30 मई 2026 है, जबकि परीक्षा 20 जुलाई 2026 को प्रस्तावित है।

जो अभ्यर्थी पहले आवेदन कर चुके हैं, उन्हें अपने पुराने आवेदन संख्या के आधार पर पुनः आवेदन करना होगा, लेकिन उन्हें दोबारा शुल्क नहीं देना पड़ेगा। वहीं, जो अभ्यर्थी निर्धारित अर्हता पूरी नहीं करते हैं, वे आवेदन शुल्क वापसी के लिए आयोग में प्रार्थना पत्र दे सकते हैं। विस्तृत जानकारी के लिए अभ्यर्थी आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर विज्ञापन देख सकते हैं।

संबंधित समाचार