UP : आलू किसानों को राहत, 10 जिलों में खुलेंगे क्रय केंद्र, लखनऊ-फर्रुखाबाद में खरीद शुरू

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

लखनऊ, अमृत विचार : प्रदेश में आलू किसानों को उचित मूल्य दिलाने के लिए सरकार ने बाजार हस्तक्षेप योजना (एमआईएस) के तहत तेजी से कदम उठाए हैं। उद्यान राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दिनेश प्रताप सिंह ने निर्देश दिए हैं कि जिन जिलों में आलू के दाम कम हैं, वहां प्राथमिकता से क्रय केंद्र खोलकर खरीद शुरू की जाए।

इसी क्रम में उप्र राज्य औद्यानिक सहकारी विपणन संघ (हॉफेड) को 10 जिलों में क्रय केंद्र स्थापित करने की जिम्मेदारी दी गई है। लखनऊ और फर्रुखाबाद में मंगलवार से ही खरीद शुरू हो गई है। लखनऊ के बक्शी का तालाब स्थित इंदौरा बाग केंद्र का उद्घाटन अपर मुख्य सचिव बी.एल. मीणा ने किया, जबकि फर्रुखाबाद के सातनपुर मंडी केंद्र का शुभारंभ उद्यान निदेशक बी.पी. राम ने किया।

सरकार ने एमआईएस के तहत आलू का बाजार हस्तक्षेप मूल्य 650.09 रुपये प्रति कुंतल तय किया है। इसके साथ 162.52 रुपये प्रति कुंतल ओवरहेड व्यय निर्धारित है। अधिकतम 25 प्रतिशत क्षतिपूर्ति का भार केंद्र और राज्य सरकार संयुक्त रूप से वहन करेंगी।

उद्यान मंत्री ने किसानों से अपील की है कि वे निर्धारित केंद्रों पर उपज लाकर योजना का लाभ उठाएं। साथ ही अधिकारियों को किसानों को हर संभव सहयोग देने के निर्देश दिए गए हैं। बैठक में ‘रूफ टॉप गार्डेनिंग योजना’ की तैयारियां तेज करने और औद्यानिक फसलों के निर्यात को बढ़ावा देने पर भी जोर दिया गया।

संबंधित समाचार