Bareilly: 'पति, पत्नी और वो' के चक्कर में हुई गीता की हत्या, पांच साल पहले फौजी की फेसबुक पर सुरभि से हुई थी दोस्ती

Amrit Vichar Network
Published By Monis Khan
On

बरेली, अमृत विचार। सुभाषनगर क्षेत्र में हुई गीता यादव की हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। ‘पति, पत्नी और वो’ के इस चौंकाने वाले मामले में पुलिस ने प्रेमिका को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है, जबकि मुख्य आरोपी पति पहले ही जेल जा चुका है। पूरा मामला फेसबुक पर शुरू हुई दोस्ती से लेकर हत्या की साजिश तक पहुंच गया।

जानकारी के अनुसार, करीब पांच वर्ष पहले फौजी भारत सिंह यादव की फेसबुक के जरिए बदायूं के प्रवेज नगर निवासी सुरभि यादव से दोस्ती हुई थी। यह दोस्ती धीरे-धीरे प्रेम संबंधों में बदल गई। आरोप है कि इसके बाद भारत सिंह का अपनी पत्नी गीता यादव से रिश्ता कमजोर पड़ने लगा और वह परिवार पर खर्च भी कम करने लगा। वह अपनी प्रेमिका सुरभि को हर महीने लगभग 15 हजार रुपये देने लगा था।

जांच में सामने आया कि इस प्रेम प्रसंग की जानकारी पत्नी गीता यादव को हो गई थी, जिसके बाद घर में तनाव बढ़ गया। गीता और भारत सिंह के बीच आए दिन विवाद होने लगा। इसी बीच सुरभि ने कथित तौर पर गीता को रास्ते से हटाने का दबाव बनाया।

पुलिस के अनुसार, 18 अप्रैल को भारत सिंह और सुरभि ने मिलकर गीता की हत्या की योजना बनाई थी। इसके बाद 21 अप्रैल की सुबह लगभग 4 बजे भारत सिंह ने बीडीए कॉलोनी स्थित घर में गीता यादव की गला घोंटकर हत्या कर दी।

वारदात के बाद भारत सिंह मौके से फरार हो गया और सुरभि को इसकी जानकारी फोन पर दी। मामले की जांच के दौरान सुरभि का नाम सामने आने पर पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। आरोपी सुरभि यादव बदायूं के प्रवेज नगर की रहने वाली है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की है। सुरभि को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है।

संबंधित समाचार