Ayodhya News: छोटी देवकाली तिराहे पर स्थापित होगी सिंदूर स्मृतिका, महापौर गिरीश पति त्रिपाठी ने स्मृतिका शिला पट का किया पूजन
अयोध्या, अमृत विचार : भारतीय सेना के पराक्रम के गवाह बने ऑपरेशन सिंदूर पर आधारित स्मृतिका रामनगरी में स्थापित की जाएगी। छोटी देवकाली तिराहे पर सिंदूर स्मृतिका की स्थापना के लिए महापौर गिरीश पति त्रिपाठी ने शनिवार को शिलापट का पूजन किया।
महापौर ने कहा कि इस स्मृतिका को स्थापित करने के लिए नगर निगम ने 20 लाख रुपये दिये हैं। यह स्मृतिका अयोध्या आने वाले श्रद्धालुओं को सैनिकों के पराक्रम की याद दिलाती रहेगी।उन्होंने लोगों से अयोध्या को स्वच्छ बनाए रखने में योगदान देने का आह्वान किया। वहीं छोटी देवकाली मंदिर चौराहे पर ऑपरेशन सिंदूर की स्मारिका स्थापित करने के साथ सिंदूर चौक के नामकरण को लेकर स्थानीय लोगों में नाराजगी दिखी।
इस पर महापौर गिरीश पति त्रिपाठी ने सफाई देते हुए बताया कि नामकरण एक संवैधानिक प्रक्रिया है। उसे नगर निगम की कार्यकारिणी में पास कराए बिना किसी चौराहे का नामकरण नहीं कर सकते हैं। अभी ऐसी कोई प्रक्रिया नहीं हुई हैं। कहा कि प्रमोदवन तिराहे को मृदंग तिराहे के नाम से विकसित किया जाएगा। जहां स्वर्गीय पागल दास जी का स्थान हैं। जो मृदंग के क्षेत्र में विश्व भर में जाने जाते है। इस मौके पर अपर नगर आयुक्त डॉ. नागेंद्र नाथ, उपसभापति संतोष सिंह, पार्षद अनुज दास, महेंद्र शुक्ल, रिशु पांडे, भाजपा मंडल अध्यक्ष मुकेश तिवारी, गीता शुक्ला आदि मौजूद रहे।
