अब ऑनलाइन बुक होंगे कुली: इंडियन रेलवे की अनूठी पहल, ओवरचार्जिंग और मनमाने किराए से मिलेगा छुटकारा

Amrit Vichar Network
Published By Muskan Dixit
On

प्रयागराजः ट्रेन का सफर तो आरामदायक होता है, लेकिन स्टेशन पर उतरते ही भारी सामान और फिर कुलियों के साथ रेट को लेकर होने वाली 'चिक-चिक' अक्सर सफर का मजा किरकिरा कर देती है। लेकिन अब आपको कुली के लिए न तो भटकना पड़ेगा और न ही मोलभाव करना होगा। उत्तर मध्य रेलवे का प्रयागराज मंडल देश में पहली बार एक ऐसी क्रांतिकारी शुरुआत करने जा रहा है, जो आपकी यात्रा को बेहद आसान बना देगी।

जी हां, अब रेलवे स्टेशनों पर कुली सेवा पूरी तरह डिजिटल होने जा रही है। उत्तर मध्य रेलवे जल्द ही एक अधिकृत ऐप और वेबसाइट लॉन्च करने वाला है। 

कैसे काम करेगी यह व्यवस्था? 

-यात्री अपनी ट्रेन के आने या जाने के समय के अनुसार कुली को एडवांस में बुक कर सकेंगे।

-बुकिंग के समय ही आपको निर्धारित शुल्क (रेट) पता चल जाएगा, जिससे पारदर्शिता बनी रहेगी।

-जैसे ही आपकी ट्रेन स्टेशन पहुंचेगी, बुक किया गया कुली तय स्थान पर आपका इंतजार करेगा। 

अक्सर त्योहारों और भीड़ के समय यात्रियों से मनमाना किराया वसूलने की शिकायतें आती हैं। भारी सामान देखकर कई बार कुली दोगुने पैसे मांगते हैं, जिससे यात्रियों और कुलियों के बीच विवाद होता है। इस ऑनलाइन सिस्टम से 'ओवर चार्जिंग' की समस्या जड़ से खत्म हो जाएगी।

शुरुआत में यह सुविधा कुछ प्रमुख स्टेशनों पर मिलेगी। इसमें प्रयागराज जंक्शन, प्रयागराज छिवकी, कानपुर सेंट्रल, मिर्जापुर, इटावा और अलीगढ़ शामिल हैं।

सीनियर डीसीएम हरिमोहन का कहना है कि इस कदम से न केवल यात्री सुविधाओं में इजाफा होगा, बल्कि कुलियों के काम में भी अनुशासन आएगा। प्रयागराज मंडल के इस सफल ट्रायल के बाद, इसे पूरे देश के अन्य मंडलों में भी लागू करने की योजना है। 

यानी अब भारी सूटकेस की चिंता छोड़िए, बस ऐप खोलिए और कुली बुक कीजिए। रेलवे की इस डिजिटल पहल पर आपकी क्या राय है? हमें कमेंट सेक्शन में जरूर बताएं।

संबंधित समाचार