Bareilly : पीएनजी पाइपलाइन से गैस चोरी का भंडाफोड़, तीन गिरफ्तार

Amrit Vichar Network
Published By Pradeep Kumar
On

बरेली, अमृत विचार। इज्जतनगर क्षेत्र में पाइप नेचुरल गैस (पीएनजी) पाइपलाइन से अवैध रूप से गैस चोरी करने के मामले का पुलिस ने खुलासा किया है। इस संबंध में गैस कंपनी के सीनियर मैनेजर की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।

सेंट्रल यूपी गैस लिमिटेड रोहिला सीएनजी स्टेशन के सीनियर मैनेजर जितेंद्र गौतम ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि ग्राम पीरबहोड़ा में कुछ लोगों की ओर से पीएनजी पाइपलाइन को क्षतिग्रस्त कर मीटर रेगुलेटर को बायपास करते हुए अवैध रूप से गैस की चोरी की जा रही थी। पुलिस ने इस मामले में सफरुद्दीन निवासी पीरबहोड़ा, मुस्तफा खां उर्फ मुस्ताक खां निवासी पीरबहोड़ा और अनुज सक्सेना निवासी फरीदपुर को गिरफ्तार किया। उनकी निशानदेही पर गैस चोरी में प्रयुक्त पाइप भी बरामद किया गया।

पूछताछ में सफरुद्दीन ने बताया कि उसका गैस कनेक्शन बिल जमा न होने पर 2–3 वर्ष पहले काट दिया गया था। इसके बाद उसने पड़ोसी मुस्तफा खां के साथ मिलकर अवैध रूप से गैस कनेक्शन जोड़ने की योजना बनाई। आरोप है कि गैस मीटर रीडिंग लेने आने वाले अनुज सक्सेना और उसके साथी से संपर्क कर बंद कनेक्शन को दोबारा चालू कराने की बात हुई और इसके बदले 500 प्रति माह देने तथा चेकिंग की सूचना पहले देने का सौदा तय हुआ। इसके बाद प्लास्टिक-रबर पाइप के जरिए अवैध रूप से गैस लाइन जोड़कर चोरी शुरू कर दी गई। पुलिस के अनुसार पिछले चार महीनों से लगातार अवैध रूप से गैस उपयोग की जा रही थी।

संबंधित समाचार