अंबेडकरनगर हत्याकांड: 4 बच्चों और मां का हत्यारोपी एनकाउंटर में ढेर, इलाके में भारी पुलिस बल तैनात
अकबरपुर के मीरानपुर मुरादाबाद मोहल्ले में चार बच्चों की ईंट से कूचकर हुई थी हत्या, मां की भी लाश घर से 100 मीटर दूर मिली थी
अंबेडकरनगर, अमृत विचार। जनपद में चार बच्चों और मां की हत्या करने वाले आरोपी को पुलिस ने एनकाउंटर में ढेर कर दिया है। चार मासूम बच्चों और उनकी मां की हत्या के आरोपी आमिर को पुलिस ने नेवतरिया बाईपास के पास मुठभेड़ में मार गिराया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी को पकड़ने के लिए घेराबंदी की गई थी। इस दौरान उसने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी, जिसके जवाब में हुई कार्रवाई में वह ढेर हो गया।
घटना 2 मई को मुरादाबाद मोहल्ले में सामने आई थी। जिसमें एक ही परिवार के चार बच्चों के शव घर के अंदर बिस्तर पर खून से लथपथ मिले थे। बच्चों की बेरहमी से ईंट से कूचकर हत्या की गई थी, जिससे पूरे इलाके में दहशत फैल गई थी।
घटना के बाद बच्चों की मां गासिया खातून संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गई थी, जिससे पुलिस ने शुरुआत में उसी पर शक जताया था। मामला अकबरपुर कोतवाली क्षेत्र का है। हालांकि, 3 मई को गासिया खातून का शव घर से करीब 100 मीटर दूर नाले के किनारे मिला था। उसके शरीर पर चोट के निशान पाए गए, जिससे मामला और उलझ गया। पुलिस हत्या, आत्महत्या और साजिश तीनों एंगल पर जांच कर रही थी।
जांच के दौरान सामने आए सुरागों के आधार पर पुलिस ने आमिर को मुख्य आरोपी माना। पुलिस का कहना है कि आरोपी से कई अहम खुलासे हो सकते थे, लेकिन मुठभेड़ में उसकी मौत के बाद अब मामले की कड़ियां उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर ही जोड़ी जाएंगी। फिलहाल, पुलिस पूरे घटनाक्रम की विस्तृत जांच कर रही है, ताकि इस जघन्य वारदात के पीछे की असली वजह सामने आ सके।
ये भी पढ़ें :
यूपी में फिर बढ़ी पंचायत चुनाव मतदाता सूची प्रकाशन की तारीख, पहली बार हर वोटर को मिलेगा 9 अंकों का ‘स्टेट वोटर नंबर’
