UAE पर ईरान के ड्रोन अटैक में 3 भारतीय नागरिक घायल: पीएम मोदी ने जताया कड़ा विरोध, कहा-यह बिलकुल स्वीकार्य नहीं....

Amrit Vichar Network
Published By Anjali Singh
On

दिल्ली। भारत ने संयुक्त अरब अमीरात के बंदरगाह शहर फुजैराह पर हमले और उसमें तीन भारतीय नागरिकों के घायल होने की घटना को मंगलवार को "अस्वीकार्य" करार दिया और निर्दोष नागरिकों व नागरिक बुनियादी ढांचे को निशाना बनाने की इस शत्रुतापूर्ण कार्रवाई को तत्काल रोकने का आह्वान किया। 

भारत की यह प्रतिक्रिया उस घटना के एक दिन बाद आई है जिसमें फुजैराह के एक प्रमुख तेल उद्योग क्षेत्र में ड्रोन हमले के कारण आग लग गई थी। इस घटना में तीन भारतीय घायल हो गए थे। संयुक्त अरब अमीरात ने इस हमले के लिए ईरान को जिम्मेदार ठहराया है। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा, "फुजैराह पर हुआ हमला अस्वीकार्य है जिसमें तीन भारतीय नागरिक घायल हुए हैं।" 

PM मोदी ने हमलों की निंदा की

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मंगलवार को संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) के शहर फुजैरा पर हुए हमलों की कड़ी निंदा की, जिसमें तीन भारतीय नागरिक घायल हो गए। फुजैरा के एक प्रमुख तेल उद्योग क्षेत्र में ड्रोन हमलों के कारण लगी आग में भारतीयों के घायल होने के एक दिन बाद मोदी ने इन हमलों की कड़ी निंदा की। यूएई ने इस हमले के लिए ईरान को जिम्मेदार ठहराया था। 

मोदी ने सोशल मीडिया पर कहा, ''यूएई पर हुए हमलों की मैं कड़ी निंदा करता हूं, जिनमें तीन भारतीय नागरिक घायल हुए हैं। आम नागरिकों और बुनियादी ढांचे को निशाना बनाना अस्वीकार्य है।'' उन्होंने कहा, ''भारत यूएई के साथ पूरी तरह एकजुट है और संवाद एवं कूटनीति के माध्यम से सभी मुद्दों के शांतिपूर्ण समाधान के लिए अपना समर्थन दोहराता है।'' 

प्रधानमंत्री ने यह भी कहा कि ''होर्मुज जलडमरूमध्य से सुरक्षित और निर्बाध नौवहन सुनिश्चित करना क्षेत्रीय शांति, स्थिरता और वैश्विक ऊर्जा सुरक्षा के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है।'' 

उन्होंने कहा, "हम नागरिक बुनियादी ढांचे व निर्दोष नागरिकों को निशाना बनाने की इन शत्रुतापूर्ण कार्रवाइयों को तत्काल रोकने का आह्वान करते हैं।" जायसवाल ने कहा कि भारत पश्चिम एशिया में शांति, स्थिरता बहाल करने के लिए संवाद और कूटनीति का समर्थन करता है। 

उन्होंने कहा, "हम आह्वान करते हैं कि अंतरराष्ट्रीय कानून के अनुरूप होर्मुज जलडमरूमध्य से जहाजों की आवाजाही और व्यापार बिना किसी रुकावट के जारी रहे। भारत मुद्दों के शांतिपूर्ण समाधान के सभी प्रयासों का समर्थन करने के लिए तैयार है।

फुजैरा शहर पर हमला ऐसे समय में हुआ है जब होर्मुज जलडमरूमध्य में अमेरिका और ईरान के बीच युद्धविराम को लेकर तनाव की स्थिति बनी हुई है।  होर्मुज जलडमरूमध्य से होकर दुनिया के लगभग बीस फीसदी तेल और गैस का परिवहन होता है जो दोनों देशों के बीच वार्ता में एक प्रमुख अड़चन बना हुआ है। संघर्ष के कारण जलडमरूमध्य के इस संकरे जलमार्ग से होकर गुजरने वाले जहाजों का आवागमन बुरी तरह प्रभावित हुआ है, जिससे तेल की कीमतों में भारी वृद्धि हुई है और कई देशों में ऊर्जा की कमी हो गई है।

यूएई के रक्षा मंत्रालय ने सोमवार को कहा कि उसके वायु रक्षा तंत्र ने ईरान से दागी गई 12 बैलिस्टिक मिसाइलों, तीन क्रूज मिसाइलों और चार ड्रोन को नाकाम कर दिया। मंत्रालय ने पुष्टि की कि वह ''किसी भी खतरे से निपटने के लिए पूरी तरह से तैयार है और देश की सुरक्षा को कमजोर करने के उद्देश्य से किए गए किसी भी प्रयास का दृढ़ता से मुकाबला करेगा।

ये भी पढ़ें :
भारतीय पोत की मदद को आया पाकिस्तान, अरब सागर में Pakistani Navy ने MV Gautam को पहुंचाई आपातकालीन सहायता

संबंधित समाचार