कप्तानी का दबाव ...ऋषभ पंत पर LSG कोच लैंगर का बड़ा बयान, कहा- 'वह मुस्कुराते हुए खेलते हैं, जल्द ही फॉर्म में लौटेंगे'
मुंबई। लखनऊ सुपर जायंट्स (एलएसजी) के मुख्य कोच जस्टिन लैंगर ने कहा कि 27 करोड़ रुपये की कीमत हमेशा अच्छे प्रदर्शन की गारंटी नहीं देती, लेकिन ऋषभ पंत को इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) टीम की कप्तानी करने से पड़ने वाले दबाव का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने यह बात तब कही जब उनकी टीम प्ले-ऑफ की दौड़ से लगभग बाहर हो चुकी है। मुंबई इंडियंस के खिलाफ आईपीएल मैच में पंत एलएसजी के उन बल्लेबाजों में शामिल थे जो निकोलस पूरन (63) और मिचेल मार्श (44) से मिली अच्छी शुरुआत का फायदा नहीं उठा पाए।
एलएसजी का स्कोर आठ ओवर में एक विकेट पर 123 रन था लेकिन आखिर में उसकी टीम पांच विकेट पर 228 रन ही बना पाई और उसे छह विकेट से हार का सामना करना पड़ा। एलएसजी ने पंत को मोटी धनराशि में अपनी टीम से जोड़ा था लेकिन वह पिछले सत्र की तरह इस सत्र में भी अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पाए हैं। लैंगर ने एलएसजी की हार के बाद यहां पत्रकारों से कहा, ''मुझे नहीं लगता कि इसका किसी तरह की धनराशि से कोई संबंध है।
कप्तान का पद संभालना आसान नहीं होता है और उन पर काफी दबाव रहता है। वह लगातार अपनी तरफ से अच्छा प्रयास कर रहा है और कड़ी मेहनत कर रहा है।'' उन्होंने कहा, ''जब हम उसे मुस्कुराते हुए और जोशीले अंदाज में खेलते हुए देखते हैं तो हमें बहुत अच्छा लगता है। वह फॉर्म में वापसी करने से ज्यादा दूर नहीं है।'' लैंगर ने कहा कि पंत चुनौतियों का डटकर सामना करते रहेंगे।
उन्होंने कहा, ''हमने दो दिन पहले यहां एक अभ्यास मैच खेला था और पंत ने लगभग 40 या 30 गेंदों में 95 रन बनाए थे। उसे देखकर लगता है कि यह ऋषभ पंत का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है।'' लैंगर ने कहा, ''हमने उन्हें टेस्ट क्रिकेट में पांचवें नंबर पर बल्लेबाजी करते हुए दूसरी टीम पर हावी होते हुए देखा है। उन्होंने दो दिन पहले जिस तरह से बल्लेबाजी की वह टीम के लिए अच्छा संकेत है। उम्मीद है कि वह आगे हमें मैच जिताएंगे।''
ऑस्ट्रेलिया के पूर्व सलामी बल्लेबाज ने अपने बल्लेबाजी क्रम में बदलाव को सकारात्मक करार दिया। पूरन भी खराब दौर के बाद फॉर्म में लौट गए हैं। उन्होंने कहा, ''हमने बल्लेबाजी क्रम में बदलाव किया क्योंकि आप सही संयोजन तैयार करने की कोशिश करते हैं और देखते हैं कि टीम के लिए सबसे अच्छा तरीका कौन सा है। अगर आप जीत रहे हैं, तो हर कोई कहता है कि संयोजन सही है। आज हमारी बल्लेबाजी का सकारात्मक पहलू निकी पूरन थे।
ये भी पढ़ें :
इकाना में कोहली .... लखनऊ पहुंचे आरसीबी के धुरंधर, कोहली-पडिक्कल की फॉर्म से एलएसजी पर बढ़ा दबाव
