History of 26 June: संयुक्त राष्ट्र चार्टर पर 50 देशों के हस्ताक्षर, जानें इस दिन की प्रमुख ऐतिहासिक घटनाएं

Amrit Vichar Network
Published By Muskan Dixit
On

नई दिल्लीः 26 जून विश्व इतिहास में कई महत्वपूर्ण घटनाओं का साक्षी रहा है। इसी दिन वर्ष 1945 में सैन फ्रांसिस्को में संयुक्त राष्ट्र (United Nations) के घोषणापत्र (UN Charter) पर 50 देशों के प्रतिनिधियों ने हस्ताक्षर किए थे। हालांकि संयुक्त राष्ट्र औपचारिक रूप से 24 अक्टूबर 1945 को अस्तित्व में आया, लेकिन इसके चार्टर को 26 जून को ही स्वीकार किया गया था।

संयुक्त राष्ट्र की स्थापना का उद्देश्य आने वाली पीढ़ियों को युद्ध की विभीषिका से बचाना, मानवाधिकारों की रक्षा करना और विश्व शांति को बढ़ावा देना था। समय के साथ संगठन की भूमिका और जिम्मेदारियों का दायरा लगातार बढ़ता गया। आज यह संस्था दुनिया के लगभग सभी देशों का प्रतिनिधित्व करती है और इसका मुख्यालय न्यूयॉर्क में स्थित है।

26 जून की प्रमुख ऐतिहासिक घटनाएं

1498: चीन में पहला टूथब्रश बनाया गया। आधुनिक टूथब्रश के शुरुआती मॉडल को चीन के राजा ने पेटेंट कराया था।

1714: स्पेन और नीदरलैंड के बीच व्यापार एवं शांति समझौते पर हस्ताक्षर किए गए।

1843: हांगकांग को ब्रिटेन का उपनिवेश घोषित किया गया।

1894: जर्मनी के कार्ल बेंज को गैसोलीन से चलने वाली ऑटोमोबाइल के लिए अमेरिकी पेटेंट मिला।

1945: सैन फ्रांसिस्को में 50 देशों ने संयुक्त राष्ट्र के घोषणापत्र पर हस्ताक्षर किए।

1949: बेल्जियम के संसदीय चुनाव में पहली बार महिलाओं को मतदान का अधिकार मिला।

1976: कनाडा के टोरंटो स्थित सीएन टॉवर को आम जनता के लिए खोल दिया गया। 1,815 फीट ऊंचा यह टॉवर उस समय दुनिया की सबसे ऊंची इमारत था, जिसे 2007 में दुबई के बुर्ज खलीफा ने पीछे छोड़ दिया।

1982: एअर इंडिया का पहला बोइंग विमान 'गौरीशंकर' मुंबई में दुर्घटनाग्रस्त हुआ।

2000: बांग्लादेश को अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) की पूर्ण सदस्यता मिली।

2004: पाकिस्तान के प्रधानमंत्री जफरुल्लाह खान जमाली ने अपने पद से इस्तीफा दिया।

2004: प्रसिद्ध फिल्म निर्माता यश जौहर का निधन हुआ।

2024: लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी को लोकसभा में विपक्ष के नेता के रूप में मान्यता दी। राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) सरकार के सत्ता में आने के 10 वर्ष बाद लोकसभा को आधिकारिक विपक्ष का नेता मिला।