Moradabad:सिविल लाइन पुलिस ने पकड़ा 11.5 टन ई-कचरा, दो गिरफ्तार
मुरादाबाद, अमृत विचार। थाना सिविल लाइन पुलिस ने सोमवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए एक कैन्टर से करीब 155 बोरा (लगभग 11.5 टन) अवैध ई-कचरा बरामद किया। पुलिस ने मौके से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आरोपियों को जेल भेजा है। पुलिस ने ई कचरे के अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की तलाश शुरू कर दी गई है।
सिविल लाइन कोतवाली प्रभारी निरीक्षक मनीष सक्सेना ने मंगलवार को बताया कि चार मई की रात पुलिस टीम क्षेत्र में संदिग्ध वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर ने सूचना दी कि अगवानपुर पुल के नीचे शिरडी साई स्कूल के पास एक संदिग्ध कैन्टर खड़ा है, जिसमें भारी मात्रा में ई-कचरा भरा हुआ है और उसकी नंबर प्लेट भी बदली गई है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और बताए गए स्थान पर घेराबंदी कर कैन्टर को पकड़ लिया।
पुलिस ने मौके से कैन्टर में बैठे दो व्यक्तियों को हिरासत में ले लिया। पकड़े गए आरोपी आकिल और जावेद निवासी मोहल्ला फतेहपुरी, कस्बा भोजपुर,जनपद मुरादाबाद की तलाशी के दौरान जावेद के पास से ई-कचरे से संबंधित बिल (दो मूल व दो फोटो कॉपी) बरामद हुए। जांच में मिला कि वाहन की आगे की नंबर प्लेट गायब थी, जबकि पीछे और साइड में अलग-अलग नंबर अंकित थे, जिससे स्पष्ट हुआ कि नंबर प्लेट में छेड़छाड़ की गई थी। कैन्टर के अंदर करीब 155 बोरे ई-कचरे से भरे मिले, जिनका वजन लगभग 10.5 से 11.5 टन बताया जा रहा है।
बरामद बिलों के अनुसार यह ई-कचरा दिल्ली के सीलमपुर क्षेत्र से मुरादाबाद लाया जा रहा था। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि यह माल गजरौला निवासी अनवर और उसके बेटे द्वारा भेजा गया था, जिसे मुरादाबाद और आसपास के कई व्यक्तियों को सप्लाई किया जाना था। पुलिस ने इस मामले में दोनों आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं तथा कूड़ा-कचरा (ई-वेस्ट) से संबंधित अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। साथ ही इस अवैध नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपियों की तलाश तेज कर दी गई है।
