प्रदेश में रोजाना 2.30 घंटे की बिजली कटौती, UPPCL का आदेश, 31 मई तक लागू रहेगी व्यवस्था
लखनऊ, अमृत विचार : प्रदेश में बिजली संकट को लेकर सरकार के दावों और जमीनी हकीकत में बड़ा अंतर सामने आया है। उप्र. पावर कॉर्पोरेशन लिमिटेड (यूपीपीसीएल) ने प्रदेश के सभी तहसील मुख्यालयों और नगर पंचायतों में प्रतिदिन 2. 30 घंटे की नियोजित बिजली कटौती का आदेश जारी किया है। यह व्यवस्था 31 मई 2026 तक लागू रहेगी। यूपीपीसीएल के आंतरिक आदेश ने राज्य सरकार के दावों पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
अधीक्षण अभियंता (प्रणाली नियंत्रण), लखनऊ द्वारा जारी आदेश के अनुसार कटौती सुबह और दोपहर, दो चरणों में की जाएगी। प्रदेश के अलग-अलग एरिया लोड डिस्पैच सेंटर (एएलडीसी), लखनऊ, पनकी, सारनाथ और मोदीपुरम अंतर्गत आने वाले जिलों के लिए अलग-अलग समय-सारिणी जारी की गई है। इससे ग्रामीण क्षेत्रों में किसानों, व्यापारियों और आम उपभोक्ताओं को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कई स्थानों पर इस नियोजित कटौती को उपभोक्ताओं से लाइन फॉल्ट या तकनीकी खराबी बताकर छिपाया जा रहा है। आदेश से यह साफ हो गया है कि मांग और आपूर्ति के बीच संतुलन बनाए रखने के लिए कटौती का सहारा लिया जा रहा है।
एएलडीसी लखनऊ अंतर्गत 19 जिलों में आंबेडकर नगर, बहराइच, बाराबंकी, बदांयू, गोंडा, लखीमपुरखीरी, पीलीभीत, शाहजहांपुर, सीतापुर, उन्नाव, अमेठी, बलरामपुर, बरेली, अयोध्या, हरदोई, लखनऊ, रायबरेली, श्रावस्ती और सुल्तानपुर की तहसीलों में सुबह 6.30 बजे से 8 बजे तक, दोपहर में 12.15 से 1.15 बजे तक और नगर पंचायतों में सुबह 6 बजे से 7 बजे तक व दोपहर में 2 बजे से 3.15 बजे तक तक कटौती जारी रहेगी।
एएलडीसी सारनाथ अंतर्गत 21 जिलों में प्रयागराज, बलिया, भदोही, देवरिया, गाजीपुर, वाराणसी, कुशीनगर, मऊ, संतकबीर नगर, सोनभद्र, आजमगढ़, बस्ती, चंदौली, फतेहपुर, गोरखपुर, कौशांबी, महाराजगंज, मिर्जापुर, सिद्धार्थनगर, जौनपुर और प्रतापगढ़ जिले शामिल हैं, इनकी तहसीलों में सुबह 5.30 बजे से 7 बजे तक और दोपहर में 12.15 से 1.15 बजे तक कटौती की जा रही है, साथ ही नगर पंचायतों में सुबह 5.45 से 6.45 बजे तक और दोपहर में 1.15 से 2.45 बजे तक कटौती जारी रहेगी।
आदेश में एएलडीसी पनकी अंतर्गत 21 जिलों में आगरा, अलीगंढ़, औरैया, चित्रकूट, इटावा, फिरोजाबाद, हाथरस, झांसी, कासगंज, महोबा, मथुरा, कानपुर, बांदा, एटा, फर्रूखाबाद, हमीरपरु, जालौन, कानपुर देहात, ललितपुर, मैनपुरी, कन्नौज में सुबह 6.15 से 7.45 बजे तक और दोपहर में 3.30 से 4.30 बजे तक कटौती रहेगी, नगर पंचायत में सुबह सात से आठ बजे तक और दोपहर 3 बजे से 4.30 बजे तक रोजाना कटौती की जाएगी।
इसके अलावा मोदीपुरम अंतर्गत 6 जिले, अमरोहा, बिजनौर, सहारनपुर, रामपुर, संभल और मुरादाबाद की तहसीलों में सुबह 7 बजे से 8.30 बजे तक, दोपहर में 3 बजे से 4 बजे तक और नगर पंचायतों में सुबह 6.45 से 7.45 तक, दोपहर में 2.45 से 4.15 बजे तक कटौती की जाएगी।
ग्रिड सुरक्षा के तहत लिया गया फैसला
आदेश में स्पष्ट किया गया है कि यह निर्णय केंद्रीय विद्युत नियामक आयोग (सेंट्रल इलेक्ट्रिकसिटी रेगुलरट्री कमीशन) के दिशा-निर्देशों और ग्रिड सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए लिया गया है। जरूरत पड़ने पर प्रणाली नियंत्रण को अतिरिक्त कटौती करने का अधिकार भी दिया गया है।
