तमिलनाडु में सत्ता का नया अध्यायः अभिनेता विजय ने ली मुख्यमंत्री पद की शपथ, कांग्रेस नेता राहुल गांधी समेत कई दिग्गज रहे मौजूद
चेन्नई: तमिलनाडु की राजनीति में दशकों पुरानी द्रविड़ पार्टियों की एकछत्रता टूट गई। फिल्म अभिनेता और तमिलगा वेत्री कझगम (टीवीके) के संस्थापक जोसेफ विजय रविवार सुबह 10 बजे राज्य के नए मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ग्रहण की।
यह ऐतिहासिक शपथ ग्रहण समारोह चेन्नई के जवाहरलाल नेहरू इंडोर स्टेडियम में हुआ। लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी समेत देश के कई प्रमुख नेता मौजूद रहेंगे। कार्यक्रम में 5,000 से अधिक अतिथि शामिल हुए। पूरे शहर में सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद कर दी गई और यातायात परिवर्तन किए गए हैं।
टीवीके बनी सबसे बड़ी पार्टी
हाल ही में संपन्न हुए तमिलनाडु विधानसभा चुनावों में विजय की पार्टी टीवीके ने 234 सदस्यीय सदन में 108 सीटें जीतकर सबसे बड़े दल का दर्जा हासिल किया। हालांकि बहुमत के लिए जरूरी 118 सीटों से थोड़ा कम होने के बावजूद कांग्रेस, वामपंथी दलों और अन्य छोटी पार्टियों के समर्थन से विजय ने सरकार बनाने का रास्ता तैयार कर लिया।
कांग्रेस ने 5, सीपीआई-सीपीआई(एम) ने 4, वीसीके ने 2 और आईयूएमएल ने 2 विधायकों का समर्थन दिया है। इस तरह विजय के पास कुल 120 विधायकों का समर्थन हो गया है।
शनिवार को विजय ने राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर से मुलाकात कर सरकार गठन का दावा पेश किया। यह उनकी राज्यपाल से चौथी मुलाकात थी। राज्यपाल ने समर्थन पत्रों को देखते हुए विजय को सरकार बनाने का निमंत्रण दे दिया और 13 मई तक विधानसभा में बहुमत साबित करने का समय दिया है।
मंत्रिमंडल में कई नए चेहरे
विजय के साथ पार्टी के कई वरिष्ठ नेता मंत्रीमंडल का हिस्सा बने। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि DMK और AIADMK के लंबे शासन के बाद टीवीके के रूप में तमिलनाडु में एक नई राजनीतिक ताकत उभरी है।
