Moradabad:पीतल कारोबारी के घर डकैती...हाईटेक सुरक्षा व्यवस्था के बाद भी खुला गेट, उठे सवाल

Amrit Vichar Network
Published By Monis Khan
On

मुरादाबाद, अमृत विचार। नागफनी थाना क्षेत्र के अकबर कंपाउंड में रहने वाले पीतल कारोबारी व प्रॉपर्टी डीलर इमरान के घर पड़ी डकैती के बाद सुरक्षा व्यवस्था पर कई सवाल खड़े हो गए हैं। घटना के समय इमरान के कमरे में रखे स्टूल पर नगदी खुली रखी थी, वहीं उनकी पत्नी के जेवर भी मौजूद थे। बदमाश बड़ी आसानी से घर के अंदर पहुंचे और वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए, इस पर प्रश्न उठ रहा है।

घटना के बाद कारोबारी के बेटे अरीब ने बताया कि मकान में सुरक्षा के लिए हाईटेक सिस्टम लगाया गया है। परिवार पहली मंजिल पर रहता है, जबकि नीचे गाड़ियों की पार्किंग के लिए गैराज और बैठने की जगह बनी हुई है। मकान में दो गेट लगे हैं, जिन्हें पहली मंजिल से बटन दबाकर खोला और बंद किया जाता है। दोनों गेटों में ऐसे लॉक लगे हैं जिन्हें बिना सिस्टम के खोल पाना आसान नहीं है। ऐसे में सबसे बड़ा सवाल यह उठ रहा है कि बदमाशों के पास आखिर गेट खोलने का तरीका या चाबी कैसे पहुंची। आशंका जताई जा रही है कि या तो किसी करीबी ने जानकारी दी या फिर बदमाशों का कोई साथी पहले से ही घर के अंदर मौजूद था।

अरीब के अनुसार मकान में लगे दोनों गेटों के कंट्रोल बटन को ‘बी’ और ‘सी’ नाम दिया गया है। ‘बी’ बटन दबाने पर बड़ा गेट और ‘सी’ बटन दबाने पर छोटा गेट खुलता है। एक कंट्रोल प्वाइंट नीचे गेट के पास जबकि दूसरा पहली मंजिल पर वॉशबेसिन के निकट लगा हुआ है। अंदर मौजूद व्यक्ति आसानी से गेट खोल सकता है।

पुलिस अब इस पहलू की भी जांच कर रही है कि कहीं बदमाशों को पहले से सुरक्षा व्यवस्था की पूरी जानकारी तो नहीं थी। सीसीटीवी फुटेज और इलेक्ट्रॉनिक लॉक सिस्टम की जांच के जरिये पुलिस घटना के सुराग जुटाने में लगी हुई है।

डकैतों का पीछा करने पर बेटे पर तान दी थी पिस्टल
मुरादाबाद अमृत विचार : वारदात को अंजाम देने के बाद डकैत तेजी से अकबर कंपाउंड के दूसरे गेट की ओर भागे, जहां उनके वाहन पहले से खड़े थे। बताया गया कि कंपाउंड के पहले गेट के दरवाजे सही सलामत हैं, जबकि दूसरे गेट का एक दरवाजा टूटा हुआ मिला, जिससे अंदेशा जताया जा रहा है कि बदमाशों ने इसी रास्ते से भागकर अपने वाहनों तक पहुंच बनाई।

घटना के दौरान डकैतों के भागने पर कारोबारी इमरान का बेटा अरीब हिम्मत दिखाते हुए स्कूटी से बदमाशों के पीछे दौड़ा, लेकिन एक डकैत ने उस पर पिस्टल तान दी, जिससे वह रुक गया। बदमाशों की धमकी के बाद अरीब अपनी जान बचाकर वापस लौट आया। डकैती करने के बाद जाते समय डकैत घर की चाबियां भी अपने साथ ले गए।

 

संबंधित समाचार

टॉप न्यूज