Kerala CM VD Satheesan: केरल के मुख्यमंत्री के रूप में वी डी सतीशन ने ली शपथ, 20 सदस्यीय मंत्रिमंडल ने भी ग्रहण किया पदभार
तिरुवनंतपुरम। केरल में वी डी सतीशन ने सोमवार को मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली और राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर ने यहां कांग्रेस विधायक दल के नेता को पद की शपथ दिलाई। सतीशन ने ईश्वर के नाम पर शपथ ली। सतीशन के अलावा उनके 20 सदस्यीय मंत्रिमंडल के अन्य सदस्यों को भी राज्यपाल द्वारा शपथ दिलाई जाएगी। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और पार्टी के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाद्रा समेत अन्य लोग शपथ ग्रहण समारोह में उपस्थित थे।
कांग्रेस शासित राज्यों के मुख्यमंत्री, केरल के पूर्व मुख्यमंत्री पिनराई विजयन, वामपंथी नेता और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रतिनिधि भी समारोह में शामिल हुए। इस कार्यक्रम के लिए केरल भर से हजारों कांग्रेस कार्यकर्ता राज्य की राजधानी पहुंचे। केरल में 140 सदस्यीय विधानसभा के चुनाव नौ अप्रैल को हुए थे, जिनके परिणाम चार मई को घोषित किए गए। कांग्रेस के नेतृत्व वाले संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा (यूडीएफ) ने 102 सीट जीतीं, जबकि वाम लोकतांत्रिक मोर्चा (एलडीएफ) को 35 और भाजपा को तीन सीट मिलीं।
प्रधानमंत्री मोदी ने केरल के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेने पर सतीशन को बधाई दी
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सोमवार को केरल के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेने पर वी. डी. सतीशन को बधाई दी और लोगों की आकांक्षाओं को पूरा करने में केंद्र सरकार की ओर से हर संभव सहायता का आश्वासन दिया। वाम मोर्चे को परास्त करके एक दशक बाद राज्य में कांग्रेस के नेतृत्व वाले संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा (यूडीएफ) का नेतृत्व करने वाले सतीशन ने सोमवार को केरल के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली।
प्रधानमंत्री मोदी ने 'एक्स' पर पोस्ट किया, ''वी डी सतीशन जी को केरल के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेने पर हार्दिक बधाई। उनके कार्यकाल के लिए मेरी शुभकामनाएं। केंद्र सरकार नवगठित केरल सरकार को जनता की आकांक्षाओं को पूरा करने में हर संभव सहयोग का आश्वासन देती है।''
सतीशन के 20 मंत्रिमंडल सदस्यों ने भी तिरुवनंतपुरम में एक भव्य समारोह में शपथ ली जिसमें राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर ने उन्हें पद की शपथ दिलाई। यूडीएफ के दूसरे सबसे बड़े घटक इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग (आईयूएमएल) सहित गठबंधन दलों को भी मंत्रिमंडल में स्थान दिया गया है।
ममता बनर्जी ने वीडी सतीशन को केरल के मुख्यमंत्री बनने पर बधाई दी
तृणमूल कांग्रेस की प्रमुख और पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने केरल के मुख्यमंत्री बनने पर को वीडी सतीशन को सोमवार को बधाई दी और नयी सरकार की सफलता की कामना की। सुश्री बनर्जी ने अपने व्हाट्सएप चैनल पर साझा किए संदेश में कहा, "मुख्यमंत्री वी. डी. सतीशन के नेतृत्व वाली संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चे (यूडीएफ) सरकार को आज केरल में शपथ लेने पर बहुत-बहुत बधाई। केरल की जनता की सेवा में नयी सरकार की शानदार सफलता की कामना करती हूँ।" सतीशन ने आज केरल के 13वें मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली है, जिससे 10 साल बाद कांग्रेस के नेतृत्व वाली यूडीएफ सरकार की सत्ता में वापसी हुई है।
तिरुवनंतपुरम के सेंट्रल स्टेडियम में आयोजित इस भव्य समारोह में देश के शीर्ष नेता और राज्यों के मंत्री शामिल हुए। ममता बनर्जी का यह बधाई संदेश हाल ही में संपन्न हुए पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनावों में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के हाथों अपनी पार्टी की हार के बाद, भाजपा विरोधी राजनीतिक दलों की तरफ उनके झुकाव के संदर्भ में काफी अहम माना जा रहा है।
पिछले पखवाड़े सुश्री बनर्जी ने बयान दिया था कि 'दुश्मन का दुश्मन मेरा दोस्त होता है, हमारा पहला दुश्मन भाजपा है।' उनका यह कदम साफ तौर पर इंडिया गठबंधन के तहत कांग्रेस सहित सभी विपक्षी दलों को भाजपा के खिलाफ एकजुट करने के लिए एक रणनीतिक और सुलह भरा प्रस्ताव माना जा रहा है।
ये भी पढ़ें :
अमेरिका-ईरान तनाव से आसमान पर हवाई किराया, खाड़ी देशों से घर आने वाले प्रवासियों की बढ़ी मुश्किलें
