महराजगंज न्यूज : ठूठीबारी सीमा पर 98 बोरी कद्दू के बीज बरामद, एसएसबी ने नेपाली को किया गिरफ्तार

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

महराजगंज। उत्तर प्रदेश में महराजगंज जिले के ठूठीबारी सीमा क्षेत्र में सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) ने सोमवार सुबह एक नेपाली नागरिक को गिरफ्तार कर ट्रैक्टर पर लदे 98 बोरी कद्दू के बीज बरामद किए। पुलिस सूत्रों ने बताया कि सएसबी ने गोइनी थाना गोबरहिया जिला नवलपरासी, नेपाल निवासी अनिल यादव के कब्जे से 98 बोरी कद्दू के बीज तथा ट्रैक्टर बरामद किया। बरामद माल और आरोपी को ठूठीबारी पुलिस को सौंप दिया गया।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ कस्टम एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर चालान कर दिया है। बताया गया कि नेपाल में कद्दू का बीज 500 से 600 रुपये प्रति किलो की दर से बिकता है, जबकि भारतीय बाजार में इसकी कीमत करीब 900 रुपये प्रति किलो तक पहुंच जाती है। भारी मुनाफे और अधिक आयात शुल्क के कारण इसकी तस्करी की जाती है।

कद्दू के बीजों की मांग इनके औषधीय गुणों के कारण लगातार बढ़ रही है। इन्हें हृदय, लीवर और प्रोस्टेट स्वास्थ्य के लिए लाभकारी माना जाता है। सूत्रों के अनुसार नेपाल के रास्ते कद्दू के बीज दिल्ली समेत देश के बड़े शहरों तक पहुंचाए जा रहे हैं। जांच में सामने आया है कि बीजों को पहले अमेरिका से नेपाल आयात किया जाता है और बाद में पगडंडियों तथा सीमावर्ती रास्तों से भारत में पहुंचाया जाता है।

नेपाली मुद्रा की तुलना में भारतीय रुपये की अधिक कीमत होने से तस्करों को अतिरिक्त लाभ मिलता है। सीमावर्ती गांवों में बने अस्थायी गोदामों में इन बीजों को डंप करने के बाद वाहनों के जरिए महानगरों तक भेजा जाता है। जगह न मिलने पर तस्कर इन्हें गन्ने के खेतों में छिपा देते हैं। तस्करी के इस नेटवर्क में सीमावर्ती क्षेत्रों के बेरोजगार युवाओं को भी शामिल किया जाता है, जिन्हें कैरिंग चार्ज के रूप में 500 से 1000 रुपये तक दिए जाते हैं।

सोनौली थाना क्षेत्र के श्यामकाट, सियरहिया, लक्ष्मीनगर, भगवानपुर, मदरी, निपानिया, सेवतरी, खनुआ, डाली, जोगियाबारी, छपवा, सम्पतिहा और बरगदवा जैसे सीमावर्ती इलाकों से तस्करी की गतिविधियां संचालित होने की बात सामने आई है। अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ ने बताया कि कद्दू के बीज बरामदगी मामले में आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर चालान कर दिया गया है।

सीमावर्ती क्षेत्रों में सुरक्षा एजेंसियों द्वारा कड़ी निगरानी रखी जा रही है। उल्लेखनीय है कि नेपाल से कद्दू के बीज की तस्करी का यह पहला मामला नहीं है। फरवरी 2026 में सोनौली सीमा क्षेत्र में एसएसबी ने एक पिकअप वाहन से 350 किलोग्राम कद्दू के बीज और भारी मात्रा में तुर्की मक्का बरामद किया था। वहीं नवंबर 2025 में कोल्हुई क्षेत्र के बेलवा तिराहा गांव के पास से पुलिस ने 20 बोरी अवैध कद्दू के बीज बरामद कर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की थी। 

संबंधित समाचार