अवैध खनन को लेकर अखिलेश ने भाजपा पर बोला करारा हमला, कहा- बांदा को साजिश के तहत खत्म कर रही है भाजपा सरकार
लखनऊ। समाजवादी पार्टी (सपा) अध्यक्ष अखिलेश यादव ने बांदा में कथित अवैध खनन को लेकर भाजपा सरकार पर बड़ा हमला बोला है। 'बांदावासियों' के नाम जारी एक भावुक अपील में उन्होने कहा कि निर्मम उत्खनन के कारण बांदा को साजिशन खत्म किया जा रहा है। उन्होंने चेतावनी भरे लहजे में कहा, " अगर शोषण-दोहन यूँ ही जारी रहा तो एक दिन दुनिया कहेगी: 'एक था बांदा।"
अखिलेश यादव ने कहा कि आज की धन लोभी भाजपा सरकार और उनके पालित-पोषित लालची ठेकेदारों द्वारा किए जा रहे उत्खनन से बांदा मिटाया जा रहा है और दूसरी जगहों को बसाया जा रहा है। इस 'प्राकृतिक उत्पीड़न' के कारण स्थानीय पैदावार चक्र बुरी तरह प्रभावित हुआ है। सपा प्रमुख ने कहा कि काम-कारोबार की कमी से लोग पलायन कर रहे हैं। इससे बांदा 'प्राकृतिक पलायन' का शिकार हो रहा है। इसका असर यह हुआ है कि बांदा की हर संपत्ति का मूल्य घट रहा है और मान भी।
सपा प्रमुख ने बांदा के प्राकृतिक, सांस्कृतिक, धार्मिक व ऐतिहासिक गौरव और पर्यटन को बचाने की अपील की। उन्होंने कहा कि स्थानीय नागरिक, पत्रकार, पर्यावरण संरक्षक, छात्र-युवा संगठन, महिला शक्ति, सांस्कृतिक-साहित्यिक आंदोलनकारी व सामाजिक सरोकारों से जुड़ी हस्तियां, क्लब और सोसाइटियां राजनीति से ऊपर उठकर एकजुट हों। अखिलेश ने चेताया कि अगर अभी सक्रिय नहीं हुए तो पर्यावरण के नक्शे पर बांदा कहीं नहीं दिखेगा और अपना सामाजिक-आर्थिक महत्व भी हमेशा के लिए खो देगा।
