गोंडा : मैट पर वापसी को तैयार विनेश फोगाट, अनुमति न मिलने पर जताई नाराजगी
नवाबगंज/गोंडा, अमृत विचार। हरियाणा की अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त महिला पहलवान विनेश फोगाट सोमवार शाम अपने पति सोमवीर राठी के साथ कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच नंदिनी नगर महाविद्यालय पहुंचीं। उनके आगमन को लेकर पूरे परिसर में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे और भारी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा।
नंदिनी नगर पहुंचते ही विनेश फोगाट सीधे महाविद्यालय परिसर में बने डब्ल्यूएफआई कार्यालय पहुंचीं, जहां उन्होंने अधिकारियों से मुलाकात कर प्रतियोगिता में भागीदारी को लेकर चर्चा की। करीब 17 मिनट तक चली बातचीत के बाद बाहर निकलीं विनेश ने मीडिया से बातचीत में कहा कि उन्हें प्रतियोगिता में खेलने की अनुमति नहीं दी जा रही है।
मीडिया से बातचीत के दौरान विनेश फोगाट ने नंदिनी नगर में चल रही कुश्ती प्रतियोगिता की व्यवस्थाओं पर गंभीर सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों के लिए मूलभूत सुविधाओं का अभाव है और मुकाबले देर रात तक कराए जा रहे हैं, जिसका सीधा असर पहलवानों की फिटनेस और प्रदर्शन पर पड़ रहा है।
उन्होंने कहा कि वह लंबे समय बाद मैट पर वापसी के लिए पूरी तरह तैयार हैं और बीते दिसंबर माह में ही कुश्ती संघ को पत्र लिखकर प्रतियोगिता में भाग लेने की इच्छा जता चुकी थीं। इसके बावजूद लगभग छह महीने बाद उन्हें नोटिस भेजकर 14 दिनों के भीतर जवाब मांगा गया।
उन्होंने कहा कि संघ द्वारा दी गई नोटिस का जबाब उनके तरफ से मिलने तक उन्हे किसी भी कम्पिटीशन मे खेलने का इजाजत न होने की बात अध्यक्ष द्वारा बताई गई। विनेश ने बताया की डोपिंग टेस्ट नही कराए जाने के कारण की जानकारी उनके द्वारा वाडा और नाडा को लिखित तौर पर दे दी गई है और दोनो संस्थाओ के तरफ से उन्हे खेलो मे भाग लेने की अनुमति भी मिली है।
विनेश फोगाट ने आरोप लगाया कि पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह की साजिश के तहत उन्हें प्रतियोगिता में खेलने से रोकने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यदि उन्हें अनुमति मिलती है तो वह मंगलवार को मैट पर उतरकर मुकाबले में हिस्सा लेंगी।
इस दौरान विनेश फोगाट कुश्ती संघ के प्रशिक्षण हॉल में भी पहुंचीं, लेकिन वहां हॉल बंद मिला। इस पर उन्होंने नाराजगी जताते हुए कहा कि वह अभ्यास करना चाहती थीं, लेकिन खिलाड़ियों के लिए समुचित व्यवस्था तक उपलब्ध नहीं कराई गई। करीब एक घंटे तक नंदिनी नगर परिसर में रहने के बाद विनेश फोगाट बैरंग अयोध्या के लिए रवाना हो गईं। उनके दौरे और बयान के बाद प्रतियोगिता को लेकर चर्चाओं का दौर तेज हो गया है।
