बाराबंकी : डीआईजी ने किया फतेहपुर थाने का औचक निरीक्षण, अपराधियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई दिए निर्देश
फतेहपुर/बाराबंकी, अमृत विचार। अयोध्या परिक्षेत्र के पुलिस उपमहानिरीक्षक सोमेन बर्मा ने रविवार देर रात थाना फतेहपुर का आकस्मिक निरीक्षण कर पुलिस व्यवस्था का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अपराध नियंत्रण, विवेचनाओं की गुणवत्ता, बीट पुलिसिंग तथा डिजिटल डेटा प्रबंधन की समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
डीआईजी ने थाना परिसर के मालखाना, बंदी गृह एवं अभिलेखों के रख-रखाव का निरीक्षण किया और लंबित विवेचनाओं का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने महिला सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने पर जोर देते हुए ‘मिशन शक्ति’ के तहत संचालित महिला हेल्प डेस्क की कार्यप्रणाली भी परखी।
निरीक्षण के दौरान डीआईजी ने सक्रिय अपराधियों की प्रभावी मॉनिटरिंग करते हुए उनके खिलाफ कठोर कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही थाने की सुरक्षा व्यवस्था और साफ-सफाई का अवलोकन कर पुलिस कर्मियों को तकनीकी रूप से दक्ष बनने के लिए प्रेरित किया। इस मौके पर पुलिस अधीक्षक अर्पित विजयवर्गीय, क्षेत्राधिकारी फतेहपुर जगतराम कनौजिया, क्षेत्राधिकारी हैदरगढ़ समीर कुमार सिंह समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
