बागपत में बोले सीएम आदित्यनाथ- अगर कोई धर्म पर हमला करेगा तो योगी बैठेगा नहीं, मुंहतोड़ जवाब देगा

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

बागपत। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सोमवार को कहा कि किसी को भी जाने अनजाने में देश और धर्म को नुकसान नहीं पहुंचाना चाहिए। बागपत के भगवानपुर नांगल गांव स्थित श्री शिव गोरखनाथ आश्रम में नवनाथ मूर्तियों के स्थापना दिवस कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे योगी ने कहा, "अगर कोई धर्म पर हमला करेगा तो योगी बैठेगा नहीं, मुंहतोड़ जवाब देगा। उसका मुकाबला करेगा। अयोध्या में भव्य राम मंदिर का निर्माण हुआ है। उसे क्या कोई रोक पाया, कोई नहीं रोक पाया।" 

मुख्यमंत्री ने सपा प्रमुख अखिलेश यादव पर हमला करते हुए बोला, "कुछ लोगों की नकारात्मक सोच वाली आदत होती है। चोरी छिपे कोरोना की वैक्सीन लगवाई, लेकिन बोले नहीं लगवाई। संगम में स्नान किया, लेकिन बोले नहीं किया। जब इन्हें अवसर मिला तो इन्होंने कुछ नहीं किया।"

उन्होंने कहा, " बागपत पौराणिक स्थली है। महाभारत कालीन इसका इतिहास है। भगवान कृष्ण ने पांडवों के लिये जो पांच गांव कौरवों से मांगे थे, उसमें से बागपत एक था। आज बागपत जिला बना है। मुझे चार साल पहले जब यहां आने का अवसर प्राप्त हुआ था, ये छोटा सा स्थान था। मैं धन्यवाद कहूंगा उनको जिन्होंने इसे एक तीर्थ बनाया है।" 

योगी ने कहा कि हमें धर्म को नुकसान नहीं पहुंचाना चाहिए। हमारे यहां शास्त्रों में कहा जाता है कि धर्मो रक्षति रक्षतः, यानि अगर हम अपने धर्म की रक्षा करेंगे तो धर्म हमारी रक्षा करेगा। हमें जाने अनजाने में देश और धर्म को नुकसान नहीं पहुंचाना चाहिए। उन्होंने कहा कि आज बागपत में युवाओं को नौकरी मिल रही है। 

बागपत में पहले भर्तियां नहीं होती थी, आज हजारों की संख्या में भर्तियां हो रही हैं। बिना भेदभाव के युवा भर्ती हो रहे हैं जिनमे बागपत, मुजफ्फरनगर और सहारनपुर का भी युवा शामिल है। इतना ही नहीं बेटियां भी शामिल हो रही हैं। आज प्रदेश में बेटी भी सुरक्षित है और व्यापारी भी। यहां निवेश आ रहा है। अपने संबोधन के बाद मुख्यमंत्री मूर्तियों की प्राण प्रतिष्ठा में शामिल हुए। वहां पूजा-अर्चना की। उसके बाद आठ मान के भंडारे में शामिल हुए। 

कार्यक्रम को शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिये प्रशासन एवं पुलिस विभाग द्वारा व्यापक सुरक्षा एवं व्यवस्थात्मक इंतजाम किए गए थे। जिलाधिकारी एवं पुलिस प्रशासन द्वारा लगातार व्यवस्थाओं की मॉनिटरिंग की गई, जिससे कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। कार्यक्रम को लेकर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला तथा बड़ी संख्या में लोगों ने पहुंचकर प्रसाद ग्रहण किया।  

संबंधित समाचार