बाराबंकी : आक्रोशित महिलाओं ने दूसरे दिन भी किया सांसद आवास का घेराव, जोरदार नारेबाजी करके जताया विरोध

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

बाराबंकी, अमृत विचार। नारी शक्ति वंदन अधिनियम का संसद में विरोध किए जाने के विरोध में आक्रोशित महिलाओं व भाजपाइयों ने लगातार दूसरे दिन सोमवार को भी कांग्रेस सांसद तनुज पुनिया के आवास के बाहर प्रदर्शन कर घेराव किया। हाथों में तिरंगा और पट्टिकाएं लिए महिलाओं ने धरना स्थल से सांसद आवास तक मार्च निकालकर जमकर नारेबाजी की। भारी पुलिस बल ने प्रदर्शनकारियों को बैरिकेटिंग के आगे बढ़ने से रोक दिया।

धरना प्रदर्शन के दौरान महिलाओं ने नारी शक्ति का अपमान नहीं सहेगा हिंदुस्तान, कांग्रेस पार्टी मुर्दाबाद, नुज पुनिया शर्म करो और नारी के सम्मान में भाजपा मैदान में जैसे नारे लगाए। जिला उपाध्यक्ष रचना श्रीवास्तव ने कहा कि भाजपा सदैव मातृशक्ति के सम्मान और सशक्तिकरण के लिए कार्य करती रही है। सरोज रावत ने आरोप लगाया कि कांग्रेस और उसके सहयोगी दलों ने इस विधेयक का विरोध कर महिलाओं की भावनाओं को आहत किया है।

महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष रामेश्वरी त्रिवेदी ने कहा कि महिला आरक्षण का विरोध महिलाओं को निर्णय प्रक्रिया से दूर रखने की पुरानी मानसिकता को दर्शाता है। उर्मिला रावत ने महिलाओं से इस मुद्दे पर एकजुट होकर आवाज उठाने की अपील की। प्रदर्शन में जिला महामंत्री विजय आनंद बाजपेई, नीता अवस्थी, अलका मिश्रा, गुलजार बानो, सरिता सिंह, सविता रावत, सुनीता रावत, गुंजन शर्मा, निर्मला रावत, सरिता वर्मा, नवीन राठौर, वैभव मिश्रा, राकेश सिंह पटेल, सूरज सिंह, संदीप बाल्मीकि, कुशाग्र श्रीवास्तव, राहुल बाल्मीकि, अरुण रावत सहित बड़ी संख्या में महिलाएं और भाजपाई मौजूद रहे।

संबंधित समाचार