नकारात्मक राजनीति कर रहे राहुल और अखिलेश : ब्रजेश पाठक बोले- प्रधानमंत्री की अपील का विरोध, विपक्ष की निराशा का प्रमाण

Amrit Vichar Network
Published By Amrit Vichar
On

लखनऊ, अमृत विचार : उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी और सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि दोनों नेताओं की सोच इतनी नकारात्मक हो चुकी है कि वे राष्ट्रहित के मुद्दों पर भी राजनीति करने से नहीं चूकते।

उप मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने देशहित में नागरिकों से सीमित संसाधनों के संयमित उपयोग की अपील की थी, लेकिन राहुल गांधी और अखिलेश यादव ने इसे भी राजनीतिक चश्मे से देखने का प्रयास किया। विपक्ष की यह प्रतिक्रिया उसकी राजनीतिक कुंठा और निराशा को दर्शाती है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने नागरिकों से ‘वर्क फ्रॉम होम’ को प्राथमिकता देने, मेट्रो का उपयोग करने, रेल से पार्सल भेजने, खाद्य तेल की खपत कम करने, प्राकृतिक खेती अपनाने, स्वदेशी उत्पादों को बढ़ावा देने और विदेश यात्राएं सीमित करने जैसे सुझाव दिए हैं।

ब्रजेश पाठक ने कहा कि यदि लोग सप्ताह में एक दिन कारपूल करें, इलेक्ट्रिक वाहन अपनाएं, गैस चूल्हे की जगह इंडक्शन का उपयोग करें और घरों में सोलर ऊर्जा का इस्तेमाल बढ़ाएं, तो इससे देश की विदेशी मुद्रा की बचत होगी और ऊर्जा आत्मनिर्भरता को मजबूती मिलेगी।

 

संबंधित समाचार