बाराबंकी : गंदगी व अभिलेखों में कमी पर कृषि मंत्री लगाई फटकार, कालाबाजारी रोकने के निर्देश
मसौली/बाराबंकी, अमृत विचार। कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने सोमवार को साधन सहकारी समिति लिमिटेड प्यारेपुर सरैया तथा नवीन खुशहाली किसान सेवा केंद्र, सफदरगंज का निरीक्षण कर उर्वरकों की उपलब्धता, वितरण व्यवस्था और किसानों को दी जा रही सुविधाओं का जायजा लिया। खरीफ सीजन 2026 में किसानों को समय पर यूरिया व अन्य उर्वरक उपलब्ध कराने के उद्देश्य से किए गए निरीक्षण के दौरान मंत्री ने स्टॉक स्थिति और वितरण व्यवस्था की जांच की।
उन्होंने अधिकारियों को उर्वरकों की कालाबाजारी रोकने तथा प्रत्येक किसान तक उचित मात्रा में खाद पहुंचाने के सख्त निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान समिति परिसर में फैली गंदगी तथा उर्वरक वितरण रजिस्टर में किसानों के हस्ताक्षर और आधार कार्ड विवरण दर्ज न मिलने पर कृषि मंत्री ने समिति सचिव विनोद कुमार वर्मा को कड़ी फटकार लगाते हुए व्यवस्था में सुधार की चेतावनी दी।
इस दौरान अपर निदेशक कृषि रक्षा आशुतोष मिश्र, उप निदेशक कृषि धीरेंद्र सिंह, जिला कृषि अधिकारी राजित राम वर्मा एवं लोकेश कुमार सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
