बाराबंकी : सभी निलंबन रद्​द, 21 मई को अधिवक्ता संघ चुनाव, महिलाओं के लिए आरक्षित हुए छह पद

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

बाराबंकी, अमृत विचार। जिला बार एसोसिएशन चुनाव को सोमवार के दिन हरी झंडी मिल गई। एक तरफ एल्डर्स कमेटी की बैठक में आय व्यय का लेखा जोखा रखे जाने के साथ ही सभी निलंबन समाप्त कर दिए गए। वहीं आगामी 21 मई चुनाव की तारीख तय कर दी गई है। तारीख का ऐलान होते ही दावेदारी का सिलसिला तेज हो गया।

सोमवार को पूर्व निर्धारित दिन के अनुसार सोमवार को जिला बार में एल्डर्स कमेटी की बैठक हुई। जिसकी अध्यक्षता अध्यक्ष जुबेर अहमद अंसारी ने की। इस दौरान जिला बार के महामंत्री रामराज यादव ने साल भर का लेखा जोखा कमेटी के समक्ष रखा। कोई कमी सामने न आने के बाद पदाधिकारियों के निलंबन वापस ले लिए गए। बैठक में ही बार एसोसिएशन के आगामी चुनाव का खाका भी खींचा गया।

इसके अनुसार मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन 12 मई को, नामांकन 13 व 14 मई को, नामांकन पत्रों की जांच व नाम वापसी 15 मई को होगी। इसके पांच दिन बाद 21 मई को सुबह दस से छह बजे तक चुनाव व 22 को मतगणना व परिणाम घोषित किया जाएगा। यह भी तय हुआ कि संघ में संयुक्त मंत्री पुस्तकालय, कोषाध्यक्ष के अलावा कार्यकारिणी में वरिष्ठ व कनिष्ठ सदस्य के चार पद महिलाओं के लिए आरक्षित रखे जाएंगे।

बैठक में कमेटी से ओमप्रकाश निगम, मुचकुंद सिंह, शिवशंकर मेहरोत्रा, अजय श्रीवास्तव आदि मौजूद रहे। उधर चुनाव की तिथियां घोषित होते ही मैदान में आने के इच्छुक अधिवक्ताओं में हर्ष की लहर दौड़ गई। कचहरी में दावेदारी को लेकर चर्चा का माहौल बना रहा।

संबंधित समाचार