UP: आईआईए की बैठक में उठा बिजली ट्रिपिंग, रोस्टिंग व कम सप्लाई का मुद्दा
रामपुर, अमृत विचार। शहर के एक होटल में सोमवार को इंडियन इंडस्ट्रीज एसोसिएशन रामपुर चैप्टर की मंथन मीटिंग हुई। इसमें उद्योगों को मिलने वाली विद्युत सप्लाई में लगातार हो रही ट्रिपिंग, रोस्टिंग एवं कम सप्लाई का मुद्दा सदस्यों द्वारा उठाया गया। उद्यमियों ने कहा कि इस समय उद्योग विद्युत आपूर्ति के संकट से गुजर रहे है।
इस संबंध में एक प्रतिनिधिमंडल शीघ्र ही बिजली अधिकारियों से मिलकर समाधान की मांग करेगा। चर्चा हुई कि कुछ पेशेवर शिकायतकर्ता उद्यमियों की झूठी शिकायतें प्रशासन से कर उद्यमियों पर अनुचित दवाब डालने का कार्य कर रहे हैं। जिससे वह उद्यमी का उत्पीड़न कर सकें। प्रशासन ऐसे लोगों को चिन्हित करें और उनसे सतर्क रहें ,उनका संज्ञान जांच के बाद ही ले एवं उन पर झूठी शिकायत पर कार्रवाई करें। आईआईए के चेयरमैन श्रीश गुप्ता ने प्रधानमंत्री मोदी द्वारा पश्चिम एशिया संकट के मद्देनजर किये गए जनता से आह्वान का समर्थन किया।
उन्होंने वर्क फ्रॉम होम, वर्चुअल मीटिंग, सोने की कम खरीद, पेट्रोल की बचत, इ व्हीकल के प्रयोग, सोर ऊर्जा के प्रयोग,विदेश यात्राओं में कटौती, खाद्य तेल, रासायनिक उर्वरकों में कटौती, प्राकृतिक खेती और स्वदेशी उत्पादों को खरीदने पर अमल करने का आह्वान किया। इससे विदेशी मुद्रा की बचत हो सकेगी। आईआईए इन बिंदुओं का होर्डिंग आदि के माध्यम से प्रचार भी करेगा। बैठक में संरक्षक एसके गुप्ता, विपिन कुमार, रमेश अग्रवाल, आदर्श अग्रवाल, मनोज गर्ग, अजय अग्रवाल सीए , विनय बंसल, वीवी शर्मा, मनोज गुप्ता, उमेश अग्रवाल, राजू गुप्ता, राम रक्ष पाल यादव, दिलीप रस्तोगी, विनीत कुमार, राजीव अग्रवाल, दिग्विजय सिंह ने सुझाव रखे।
