बाराबंकी प्रधान डाकघर में अब हर रविवार मिलेगी आधार सेवाएं, जानिए कब से शुरू होगी यह विशेष सुविधा

Amrit Vichar Network
Published By Amrit Vichar
On

बाराबंकी, अमृत विचार: भारतीय डाक विभाग बाराबंकी मंडल द्वारा आमजन को आधार संबंधी सेवाएं ज्यादा सुविधाजनक रूप से उपलब्ध कराने के लिये महत्वपूर्ण पहल की गई है। जिसके क्रम में बाराबंकी प्रधान डाकघर में अब प्रत्येक रविवार को विशेष आधार सेवाएं संचालित की जाएंगी। इस विशेष व्यवस्था के तहत नागरिकों को आधार नामांकन, आधार में नाम संशोधन, पता परिवर्तन, मोबाइल नंबर अपडेट, जन्मतिथि संशोधन, बायोमेट्रिक अपडेट सहित विभिन्न आधार संबंधी सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। 

अधीक्षक डाकघर बाराबंकी मंडल डॉ. किरण सिंह ने बताया कि रविवार को सेवाएं प्रारम्भ होने से विद्यार्थियों, नौकरी-पेशा व्यक्तियों, वरिष्ठ नागरिकों व ग्रामीण क्षेत्रों के नागरिकों को विशेष सुविधा मिलेगी। ऐसे लोगों को कार्य दिवसों में समयाभाव के कारण आधार संबंधी कार्य कराने में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था। डाकघर में आधार सेवाएं प्रशिक्षित कर्मचारियों व आधुनिक उपकरणों के माध्यम से संचालित की जाएंगी, जिससे नागरिकों को कोई असुविधा न हौ। 

डॉ. किरण सिंह ने बताया कि डाक विभाग सदैव नागरिकों को बेहतर एवं जनहितकारी सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। रविवार को आधार सेवाएं प्रारम्भ किया जाना आमजन, विशेषकर विद्यार्थियों एवं नौकरी-पेशा नागरिकों के लिए अत्यंत उपयोगी पहल साबित होगा। उन्होंने नागरिकों से इस सुविधा का अधिकाधिक लाभ उठाने की अपील की। उन्होंने नागरिकों से अनुरोध किया कि आधार संबंधी आवश्यक कार्य के लिये प्रत्येक रविवार को आवश्यक दस्तावेजों के साथ प्रधान डाकघर पहुंचकर सेवाओं का लाभ प्राप्त करें।

संबंधित समाचार