Uttrakhand: नंबर प्लेट हटाकर सड़क पर स्टंट, पुलिस ने कसी नकेल, हुड़दंगियों को दी चेतावनी

Amrit Vichar Network
Published By Monis Khan
On

हल्द्वानी, अमृत विचार। सड़कों पर नंबर प्लेट हटाकर हुड़दंग मचाने वाले बाइकर्स के खिलाफ पुलिस ने बड़ा अभियान चलाते हुए 35 बाइक को सीज कर दिया। पुलिस अब तस्दीक कर रही है कि आखिर चालक क्यों बाइक की नंबर प्लेट हटा कर या छिपाकर राइडिंग करते थे। पुलिस का कहना है कि पहचान छुपाकर सड़क पर अराजकता फैलाने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।

एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देश पर जिलेभर में चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार के तहत चोरगलिया क्षेत्र में चेकिंग अभियान चलाया गया। प्रभारी निरीक्षक हरपाल सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने पैदल गश्त और चेकिंग के दौरान बिना नंबर प्लेट या नंबर प्लेट हटाकर घूम रही बाइकों को चिह्नित किया।

कार्रवाई के दौरान चौकी कुंवरपुर क्षेत्र में 15 बाइकें सीज कीं। वहीं थाना चोरगलिया क्षेत्र में 20 बाइकें सीज की गईं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि कई मामलों में नाबालिग और युवा जानबूझकर नंबर प्लेट हटाकर सड़क पर स्टंट और हुड़दंग करते मिले। जांच में यह भी सामने आया कि कई अभिभावक घर में बिना नंबर की बाइक खड़ी होने के बावजूद बच्चों को रोकने के बजाय चुप्पी साधे रहते हैं। पुलिस ने ऐसे अभिभावकों को भी सख्त चेतावनी दी है।

एसएसपी नैनीताल ने साफ कहा कि ऑपरेशन प्रहार आगे भी जारी रहेगा और कानून तोड़ने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। सड़क को रेसिंग ट्रैक समझने वालों और पहचान छिपाकर वाहन चलाने वालों पर पुलिस की पैनी नजर है।

 

संबंधित समाचार