Uttrakhand:जनपद में तीन साल में 27 हादसे में 95 लोगों ने गंवाई जान
अल्मोड़ा, अमृत विचार। जिले में सड़क हादसों का ग्राफ तेजी से बढ़ रहा है, जिसमें लोग असमय मौत का शिकार हो रहे हैं। जिले में बीते तीन साल में सड़क दुर्घटनाओं में 95 लोगों ने अपनी जान गंवाई, जबकि 104 से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। इनमें अधिकांश हादसों की वजह ओवरस्पीड, झपकी और खस्ताहाल सड़कें रही हैं।
पर्वतीय क्षेत्रों में खस्ताहाल सड़कें और जल्दबाजी लगातार हादसों को दावत दे रही हैं। लोगों का कहना है कि तमाम हादसों के बाद भी शासन इन सड़कों को दुरुस्त करने के लिए कोई ठोस कार्रवाई नहीं कर रहा है। सड़क सुरक्षा के लाख दावे किए जाएं, लेकिन जमीनी हकीकत बेहद भयावह है। सड़कों की हालत बेहद खराब है और जर्जर सड़कें दुर्घटनाओं का कारण बन रही हैं।
जिले की बात करें तो हर विकासखंड में अधिकांश ग्रामीण सड़कों की हालत खस्ताहाल बनी हुई है, जिससे यहां आए दिन हादसे हो रहे हैं। इधर, गुरुवार को भिकियासैंण के रापड़-गगोडा-चमड़खान-सोनी रानीखेत मोटर मार्ग पर हुई भीषण दुर्घटना का कारण जर्जर सड़क और चालक को झपकी आना बताया जा रहा है। इस हादसे में वाहन में सवार तीन लोगों की मौत हो चुकी है।
जिले में 56 डेंजर जोन चिह्नित
अल्मोड़ा जिले में अलग-अलग स्थानों पर 56 डेंजर जोन चिह्नित किए गए हैं। इनमें सोमेश्वर में 9, लमगड़ा में 3, द्वाराहाट में 2, भतरौंजखान में 3, सल्ट में 2, अल्मोड़ा में 28, लोनिवि के 7 और एनएच के 3 स्थानों पर डेंजर जोन चिह्नित हैं। इन स्थानों पर अब तक हुए हादसों में कई लोग अपनी जान गंवा चुके हैं।
ओवरस्पीड बन रही हादसों का कारण
अधिकांश सड़क हादसों की बड़ी वजह ओवरस्पीड, ओवरटेक, नशे में वाहन चलाना, गलत दिशा में वाहन चलाना, झपकी आना और खस्ताहाल सड़कें हैं। पुलिस जांच में कई वाहन दुर्घटनाओं के मामलों में ओवरटेक के दौरान तेज रफ्तार को हादसों का प्रमुख कारण पाया गया है।
तीन साल में सड़क दुर्घटनाओं में मृतक और घायलों की सूची
दुर्घटना स्थल घायल मृतक
शंकरपुर चैक पोस्ट के पास 17 03
डोटियाल गांव ताकुला 01 01
डोल आश्रम तिराहे के पास 01 01
क्वारब पुल के पास 02 00
बिल्लेख 01 00
भिकियासैंण 01 00
शहरफाटक 00 01
चौघानपाटा 01 00
पांडेखोला पेट्रोल पंप 02 01
धौलछीना 03 04
गोली महर लमगड़ा 00 02
सांगड़ साहू और दुबरौली लमगड़ा 02 03
रानीखेत-कौसानी मोटर मार्ग 04 01
कुपी सल्ट 15 38
द्वाराहाट नौबाड़ा 03 01
सिरकोट 01 00
जैंती 01 01
तिमली पिपुड़ा 04 00
दन्या 05 00
पेटशाल 07 00
पिपली 01 02
असगोली-पैठानी 00 01
सीलापाली 12 07
कसाणबैंड 01 02
कूपी बैंड 00 01
नौबाड़ा 03 01
चिंतोली 02 02
