गुरुकुल हत्याकांड की जांच करेगी पारा पुलिस, कानपुर से केस ट्रांसफर...  हरदोई-गोंडा के बच्चों के दर्ज होंगे बयान

Amrit Vichar Network
Published By Muskan Dixit
On

सामने आएंगी संचालक की करतूतें, जेल में बंद आरोपियों से पूछताछ करने जाएगी पुलिस

लखनऊ, अमृत विचार: पारा के पूर्वीदीन खेड़ा स्थित रामनगर कॉलोनी में रामानुज भागवत वेद विद्यापीठ के नाम से संचालित अवैध गुरुकुल में पांचवीं के छात्र की हत्याकांड की जांच अब लखनऊ पुलिस करेगी। गुरुवार को अधिकारियों के आदेश पर कानपुर के महाराजपुर थाना पुलिस ने केस डायरी समेत सभी अहम दस्तावेज ट्रांसफर कर दिए हैं। पारा पुलिस ने केस हाथ में आने से पहले ही कई अहम साक्ष्य जुटा लिए थे। अब पुलिस टीम अन्य आठ छात्रों के बयान दर्ज करने के लिए गोंडा और हरदोई जाएगी। पुलिस क्राइम सीन रिक्रिएशन भी कराएगी।

इंस्पेक्टर सुरेश सिंह ने बताया कि गुरुकुल में कुल नौ छात्र रहते थे। इनमें चार गोंडा, चार हरदोई और मृतक छात्र कानपुर के महाराजपुर का निवासी था। पुलिस आठ बच्चों के बयान दर्ज करेगी। जिसमें गुरुकुल की आड़ में संचालक कन्हैयालाल मिश्रा की प्रताड़ना और स्कूल के भीतर की गतिविधियों की जानकारी जुटाएगी। इसके साथ ही पूर्व में जेल भेजे गए कन्हैया, जितेंद्र उर्फ बाला प्रसाद तिवारी व महिला से पूछताछ के लिए एक टीम जेल भी भेजी जाएगी।

छानबीन में सामने आया कि कन्हैयालाल मिश्रा ने लाठी डंडे से पांचवीं के छात्र को जमकर पीटा था। सिगरेट से उसे दागा था। कई दिन तक भूखा रखा था। हाथ पैर बांधकर बंधक बनाकर रखा खा। अगले दिन 20 अप्रैल को उसकी मौत हो गई थी। इसके बाद वह अपनी महिला मित्र के साथ अगले दिन स्कूटी से बच्चे को अस्पताल ले जाने के बहाने निकला। फिर कार से बच्चे को पैतृक आवास कानपुर महाराजपुर उसके घर पर फेंककर भाग निकले थे।गुरुकुल में अनुशासन के नाम पर बच्चों को प्रताड़ित किया जाता था। संचालक बच्चों को बेरहमी से पीटता था और बाहरी दुनिया से पूरी तरह अलग रखता था।

पूर्वीदीन खेड़ा की राजनगर कालोनी में करीब पांच महीने से गुरुकुल चल रहा था, लेकिन न तो बाहर कोई बोर्ड लगा था और न ही प्रशासन को इसकी जानकारी थी। दरवाजा हमेशा बंद रहता था और बच्चों पर कड़ी निगरानी रखी जाती थी। जांच में पुलिस को पता चला कि दाखिले के दौरान बच्चों से एक फार्म भरवाया जाता था, लेकिन उनकी पूरी पहचान दर्ज नहीं की जाती थी। पुलिस अब मकान मालिक संजीव गुप्ता की भी तलाश कर रही है, जो घटना के बाद से फरार बताया जा रहा है।

संबंधित समाचार