अमेठी में भीषण सड़क हादसा : तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार तीन दोस्तों को कुचला, तीनों की मौत

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

अमेठी, अमृत विचार। अमेठी के टांडा-बांदा राष्ट्रीय राजमार्ग पर मुंशीगंज थाना क्षेत्र के शिवगंज गांव के पास गुरुवार देर रात भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार तीन दोस्तों की मौत हो गई। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर मामले की जांच में जुटी है।

जानकारी के अनुसार, मुंशीगंज क्षेत्र के श्री का पुरवा निवासी करन (20) तथा सुल्तानपुर के कोतवाली नगर क्षेत्र के घसीटू का पुरवा निवासी अंकित (20) और अर्जुन (22) गांव में आयोजित एक बरीक्षा कार्यक्रम में शामिल होने आए थे। देर रात तीनों एक ही बाइक से वापस लौट रहे थे। इसी दौरान शिवगंज गांव के पास कट के निकट तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।

हादसा इतना भीषण था कि करन और अंकित की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल अर्जुन को इलाज के लिए सुल्तानपुर जिला अस्पताल भेजा गया, जहां उपचार के दौरान उसने भी दम तोड़ दिया। ग्रामीणों के मुताबिक ट्रक काफी तेज गति में था। हादसे के बाद चालक ट्रक लेकर रायबरेली की ओर फरार हो गया।

सूचना मिलते ही मुंशीगंज पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थाना प्रभारी शिवाकांत त्रिपाठी ने बताया कि आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और ट्रक की तलाश की जा रही है। घटना के बाद गांव में मातम पसरा है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

संबंधित समाचार