Moradabad News: 41 डिग्री तापमान ने तपाया सारा शहर...अगले 48 घंटों तक भीषण गर्मी व लू का अलर्ट

Amrit Vichar Network
Published By Monis Khan
On

मुरादाबाद, अमृत विचार। मौसम लगातार बेरहम हो रहा है। रविवार को 41 डिग्री सेल्सियस तापमान से जनजीवन बेपटरी हो गया। लू के थपेड़ों से पूरे दिन लोग बेहाल रहे। सूरज की तपिश देर शाम तक बनी रही। स्थिति यह है कि राहत के सारे उपाय बेदम होने से लोगों को न दिन में चैन मिल रहा है और न रात को सकून। बिजली गुल होने से मुश्किलें और बढ़ रही हैं।

हर उपाय रहा बेदम
मई के दूसरे पखवाड़े में लोगों को भीषण गर्मी झेलनी पड़ रही है। हर दिन सूरज की तपिश बढ़ने से तापमान बढ़ रहा है। रविवार को अधिकतम पारा 41.3 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया जबकि न्यूनतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस रहा। सुबह से हुई तेज धूप ने दोपहर में कहर बरपा दिया। तेज धूप के साथ लू के थपेड़ों से सभी को असहाय कर दिया। हर उपाय बेदम नजर आए। सिर और चेहरा ढकने के बाद भी लोग पसीने से लथपथ रहे। दोपहर में सड़कों पर बहुत जरूरी काम से लोग निकले। सड़क से मानों लपट निकल रही थी। कई जगह सड़क पर जमा तारकोल भी पिघल गया था, जिससे वाहन असंतुलित हो रहे थे।

नींद नहीं आने के मामले बढ़े
मौसम विभाग का अनुमान है कि सोमवार को अधिकतम तापमान एक डिग्री सेल्सियस और बढ़कर 42 को पार कर जाएगा। इससे लोगों की भीषण गर्मी में और दम निकलेगा। अधिक गर्मी में बिजली की खपत बढ़ने से फाल्ट व कटौती होने पर लोग व्याकुल हो रहे हैं। एयरकंडीशनर और कूलर बंद होने पर लोगों का कमरे में दम घुटने लग रहा है। पंखा चलने के बाद भी पसीना निकल रहा है, जिससे रात में नींद पूरी न होने पर लोगों में अनिद्रा और चिड़चिड़ापन की शिकायत बढ़ रही है। 

बच्चों के लिए गर्मी खतरनाक
बच्चों के लिए भी मुश्किल हो रही है। शहर के वरिष्ठ बालरोग विशेषज्ञ डॉ. रवि गंगल ने बताया कि इन दिनों बच्चों में बुखार, सीने में जकड़न, सांस फूलने, पेट में दर्द की बीमारी बढ़ रही है। भीषण गर्मी में नींद न पूरी होने से बच्चों में बेचैनी भी बढ़ रही है, इसलिए तेज धूप में बच्चों को लेकर न निकलें। रात में गीले तौलिया या अन्य किसी कपड़े को भिगोकर बच्चों का पूरा शरीर पोछ दें। शीतलता मिलने पर बच्चा नींद भर सोएगा तो उसे सकून मिलेगा।

संबंधित समाचार