Chhattisgarh News : देव जात्रा के सामूहिक भोज में दूषित खाने से 26 बीमार, एक महिला की मौत

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

कोंडागांव। छत्तीसगढ़ के कोंडागांव जिले के माकड़ी विकासखंड अंतर्गत ताम्रावंड गांव में आयोजित देव जात्रा के सामूहिक भोज के बाद दूषित खाने की घटना सामने आई है। इस घटना में 26 महिला, पुरुष और बच्चे बीमार हो गए, जबकि उपचार के दौरान एक महिला की सोमवार को मौत हो गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, शनिवार को ताम्रावंड गांव में देव जात्रा पर्व का आयोजन किया गया था। आयोजन के दौरान सामूहिक शाकाहारी भोजन कराया गया। भोजन ग्रहण करने के कुछ समय बाद कई लोगों को अचानक उल्टी और अन्य स्वास्थ्य संबंधी शिकायतें होने लगीं। इसके बाद प्रभावित लोगों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र माकड़ी में भर्ती कराया गया। गंभीर रूप से प्रभावित कुछ मरीजों को बेहतर उपचार के लिए जिला अस्पताल रेफर किया गया। उपचार के दौरान रजिया बाई पति सुखलाल की मौत हो गई।

अन्य मरीजों का उपचार जिला अस्पताल तथा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र माकड़ी में जारी है। घटना की सूचना मिलने के बाद जिला प्रशासन की टीम ताम्रावंड गांव पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रशासन द्वारा सामूहिक भोज में परोसे गए खाद्य पदार्थों की भी जांच कराई जा रही है।  

संबंधित समाचार