Padma Awards: 66 हस्तियों को मिला पद्म पुरस्कार: राष्ट्रपति ने स्व. धर्मेंद्र को मरणोपरांत पद्म विभूषण से किया सम्मानित
नई दिल्ली। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने सोमवार को यहां राष्ट्रपति भवन में आयोजित नागरिक अलंकरण समारोह में 66 हस्तियों को वर्ष 2026 के लिए पद्मविभूषण, पद्म भूषण और पद्म श्री पुरस्कार प्रदान किए। समारोह में दो हस्तियों को पद्म विभूषण, छह को पद्म भूषण और 58 को पद्म श्री से सम्मानित किया गया।
सुप्रसिद्ध अभिनेता धर्मेन्द्र सिंह देयोल को मरणोपरांत दूसरे सर्वोच्च नागरिक सम्मान पद्म विभूषण से सम्मानित किया गया। उनकी पत्नी एवं जानी मानी अभिनेत्री हेमा मालिनी ने यह पुरस्कार लिया। उनके अलावा जानी मानी वायलिन वादक डॉ. एन. राजम को भी पद्म विभूषण से प्रदान किया गया।
डॉ. (श्रीमती) एन. राजम , अवधान परंपरा के महान आचार्य और लेखक डॉ. आर. गणेश, उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री भगत सिंह कोश्यारी , उद्योगपति उदय सुरेशकुमार कोटक, भाजपा के वरिष्ठ नेता रहे प्रो विजय कुमार मल्होत्रा (मरणोपरांत) , चिकित्सा क्षेत्र के अग्रणी रहे डा. कल्लीपट्टी रामासामी पलानीस्वामी और विज्ञापन जगत के अग्रणी नामों में शुमार पीयूष पांडे (मरणोपरांत) को पद्म भूषण पुरस्कार से सम्मानित किया गया।
पद्म विभूषण, भारत का दूसरा सर्वोच्च नागरिक सम्मान है जो असाधारण एवं विशिष्ट सेवा के लिए प्रदान किया जाता है। पद्म भूषण, भारत का तीसरा सर्वोच्च नागरिक सम्मान है जो उच्च कोटि की विशिष्ट सेवा के लिए प्रदान किया जाता है। पद्म श्री , भारत का चौथा सर्वोच्च नागरिक सम्मान है जो किसी भी क्षेत्र में विशिष्ट सेवा के लिए प्रदान किया जाता है।
इन पुरस्कारों की घोषणा हर वर्ष गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर की जाती है। इस अवसर पर उपराष्ट्रपति सी पी राधाकृष्णन , प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी , लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के अलावा अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।
https://twitter.com/myogiadityanath/status/2058878106237378730
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने आज राष्ट्रपति भवन में सुप्रसिद्ध अभिनेता स्व. धर्मेंद्र सिंह देओल को कला क्षेत्र में उनके विशिष्ट एवं अतुलनीय योगदान के लिए पद्म विभूषण (मरणोपरांत) प्रदान किया। यह पुरस्कार उनकी पत्नी भारतीय जनता पार्टी की सांसद और अभिनेत्री हेमा मालिनी ने ग्रहण किया।
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने एक्स (पूर्व ट्विटर) पर लिखा, “मा. राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु जी द्वारा आज नई दिल्ली में कला के क्षेत्र में विशिष्ट एवं अतुलनीय योगदान हेतु सुप्रसिद्ध अभिनेता स्व. धर्मेन्द्र सिंह देओल जी को ‘पद्म विभूषण’ (मरणोपरांत) से सम्मानित किया जाना भारतीय सिनेमा जगत के लिए अत्यंत गौरव का क्षण है।”
सीएम योगी ने आगे कहा कि अपनी सशक्त अभिनय शैली और सरल व्यक्तित्व से दशकों तक जनमानस के हृदय पर अमिट छाप छोड़ने वाले धर्मेंद्र जी ने भारतीय फिल्म जगत को नई ऊंचाइयां दीं। यह सम्मान उनके अद्वितीय योगदान को राष्ट्र की विनम्र श्रद्धांजलि है।
बता दें इस साल जनवरी में घोषित पद्म पुरस्कारों में कुल 131 हस्तियों को सम्मानित किया जाएगा, जिनमें 5 पद्म विभूषण, 13 पद्म भूषण और 113 पद्म श्री शामिल हैं। इनमें से 66 हस्तियों को आज राष्ट्रपति द्वारा सम्मानित किया जा रहा है। धर्मेंद्र सिंह देओल को इस वर्ष का पहला पद्म विभूषण सम्मान प्रदान किया गया है। कला क्षेत्र में उनके अतुलनीय योगदान के लिए उन्हें यह सर्वोच्च नागरिक सम्मान दिया गया। यह सम्मान उनकी पत्नी और अभिनेत्री हेमा मालिनी ने ग्रहण किया।
