UP News: पीलीभीत में कपड़ा व्यापारी हत्याकांड का चौथा शूटर मुठभेड़ में गिरफ्तार, पैर में लगी गोली

Amrit Vichar Network
Published By Monis Khan
On

बिलसंडा, अमृत विचार। नगर के बहुचर्चित व्यापारी पप्पू गुप्ता हत्याकांड में फरार चल रहे सातवें आरोपी /चौथे शूटर को पुलिस ने रविवार देर रात मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की पहचान सुमित निवासी खिरनीबाग, शाहजहांपुर के रूप में हुई है। उसके पैर में गोली लगने के बाद उसे उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया।

पुलिस टीम पर किया फायर
पुलिस के अनुसार हत्याकांड में शामिल फरार आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही थी। इसी दौरान सूचना मिली कि एक संदिग्ध व्यक्ति भीकमपुर नहर-दियोरिया रोड की ओर आने वाला है। सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी कर वाहन चेकिंग शुरू की। संदिग्ध को रुकने का इशारा किया गया, लेकिन वह बाइक मोड़कर भागने लगा। भागने के दौरान बाइक अनियंत्रित होकर गिर गई। पुलिस का दावा है कि इसके बाद आरोपी ने खुद को घिरा देख पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। 

गोली लगने से सिपाही घायल
एक गोली आरक्षी गुरमीत के दाहिने हाथ को छूते हुए निकल गई। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली आरोपी सुमित के दाएं पैर में लगी, जिससे वह घायल होकर गिर पड़ा और मौके पर ही दबोच लिया गया। तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से एक 315 बोर तमंचा, दो जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस और प्रयुक्त बाइक बरामद की गई। घायल आरोपी और आरक्षी को उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है।पुलिस अधिकारियों के मुताबिक व्यापारी पप्पू गुप्ता हत्याकांड में अब तक तीन साजिशकर्ताओं समेत सात आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है। फरार अन्य आरोपियों की तलाश में पुलिस टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।

संबंधित समाचार