Dinesh Karthik Birthday: मैदान पर मैच फिनिश करने से लेकर आरसीबी को लगातार दो बार खिताब दिलाने तक; जानिए 'डीके' के करियर का अद्भुत सफर

Amrit Vichar Network
Published By Muskan Dixit
On

नई दिल्ली: भारतीय क्रिकेट इतिहास के सबसे जुझारू विकेटकीपर बल्लेबाजों में शुमार दिनेश कार्तिक सोमवार यानी आज (1 जून, 2026) अपना 41वां जन्मदिन मना रहे हैं। पेशेवर क्रिकेट को अलविदा कहने के बाद भी कार्तिक का जलवा कम नहीं हुआ है; वे आज कोचिंग, क्रिकेट रणनीतियों और कमेंट्री बॉक्स में अपनी एक नई और बेहद सफल पहचान बना चुके हैं। हालांकि कार्तिक का अंतरराष्ट्रीय करियर उतार-चढ़ाव से भरा रहा, लेकिन साल 2018 में निदाहास ट्रॉफी के फाइनल में बांग्लादेश के खिलाफ आखिरी गेंद पर लगाया गया उनका वो ऐतिहासिक छक्का आज भी हर भारतीय क्रिकेट प्रेमी के जेहन में ताजा है।

चेन्नई से शुरू हुआ था 'डीके' का सफर

दिनेश कार्तिक का जन्म 1 जून 1985 को चेन्नई में हुआ था। क्रिकेट के प्रति उनके जुनून का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि उन्होंने महज 17 साल की उम्र में (साल 2002 में) तमिलनाडु के लिए प्रथम श्रेणी क्रिकेट में पदार्पण कर लिया था। घरेलू स्तर पर बल्ले और दस्तानों से धमाल मचाने के बाद साल 2004 में उन्हें भारतीय टेस्ट और वनडे टीम की कैप मिल गई। इतना ही नहीं, साल 2006 में जब भारत ने अपना पहला ऐतिहासिक टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेला था, तब कार्तिक न सिर्फ उस टीम का हिस्सा थे बल्कि वे 'प्लेयर ऑफ द मैच' भी चुने गए थे।

लंबे समय तक एमएस धोनी के युग के कारण कार्तिक को टीम इंडिया से अंदर-बाहर होना पड़ा। इसके बावजूद वे 2007 का टी20 विश्व कप और 2013 की आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी जीतने वाली भारतीय टीम के गौरवशाली सदस्य रहे।

निदाहास ट्रॉफी की वो जादुई रात जिसने बदल दिया करियर

कार्तिक के पूरे करियर का सबसे बड़ा टर्निंग पॉइंट 2018 की निदाहास ट्रॉफी का फाइनल मुकाबला रहा। बांग्लादेश के खिलाफ फंसे हुए मैच में उन्होंने सिर्फ 8 गेंदों पर नाबाद 29 रनों की तूफानी पारी खेली थी। जब भारत को आखिरी गेंद पर जीत के लिए 5 रन चाहिए थे, तब कार्तिक ने सौम्य सरकार की गेंद पर फ्लैट छक्का जड़कर भारत को चैंपियन बना दिया। इस पारी ने उनके करियर को एक नया जीवन दिया और वे विश्व क्रिकेट में एक बेहतरीन 'फिनिशर' के रूप में मशहूर हो गए। अपने आईपीएल करियर के आखिरी दौर में उन्होंने रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के लिए कई मैच जिताऊ पारियां खेलीं।

दिनेश कार्तिक के करियर के आंकड़े

- टेस्ट क्रिकेट: 26 मैचों की 42 पारियों में 1 शतक और 7 अर्धशतक के साथ 1,025 रन।
- वनडे क्रिकेट: 94 मैचों की 79 पारियों में 9 अर्धशतक की बदौलत 1,752 रन।
- टी20 इंटरनेशनल: 60 मुकाबलों में 686 रन दर्ज।
- IPL करियर: 2008 से 2024 तक लगातार खेलते हुए 257 मैचों में 22 अर्धशतक के साथ 4,842 रन बनाए। वे लीग के सबसे कामयाब विकेटकीपरों में से एक हैं। उन्होंने दिल्ली, पंजाब, मुंबई, केकेआर, गुजरात लायंस और आरसीबी का प्रतिनिधित्व किया।

संन्यास के बाद बने RCB के असली 'मास्टरमाइंड'

जून 2024 में क्रिकेट के सभी प्रारूपों से संन्यास लेने के बाद दिनेश कार्तिक ने अपनी दूसरी पारी की शुरुआत की। आरसीबी ने उन पर भरोसा जताते हुए उन्हें टीम का मेंटॉर और बल्लेबाजी कोच नियुक्त किया। कार्तिक की रणनीतियों और मेंटॉरशिप का ही असर था कि बेंगलुरु ने आईपीएल 2025 में अपना पहला खिताब जीता और अब आईपीएल 2026 में भी टीम लगातार दूसरी बार चैंपियन बनी है। इस खिताबी डबल में कार्तिक के मास्टरमाइंड दिमाग की बड़ी भूमिका रही है। इसके साथ ही, कमेंट्री बॉक्स में उनका सटीक विश्लेषण और कूल अंदाज फैंस के बीच बेहद लोकप्रिय हो रहा है।

 

संबंधित समाचार