Bahraich news : पयागपुर में 214 को मिला मुख्यमंत्री जन आरोग्य का लाभ, 5 किशोरियों को लगा HPV टीका
पयागपुर में 214 लाभार्थियों को मुख्यमंत्री जन आरोग्य योजना का लाभ मिला। योजना के तहत पात्र लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई गईं।
बहराइच, अमृत विचार। पयागपुर क्षेत्र में रविवार को मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेले का आयोजन किया गया। पयागपुर के खुटेहना, रामनगर खजुरी, पहलवारा, मुंडेरवा ठकुराइन और बभनियावा सहित विभिन्न प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर लगे इन मेलों में कुल 214 लाभार्थियों को स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान की गईं इन लाभार्थियों में 83 पुरुष, 63 महिलाएं और 63 बच्चे शामिल थे।
मेले के दौरान पांच किशोरियों को एचपीवी (ह्यूमन पैपिलोमावायरस) का टीका भी लगाया गया। स्वास्थ्य कर्मियों ने मरीजों की जांच कर आवश्यक परामर्श और उपचार उपलब्ध कराया, साथ ही लोगों को विभिन्न बीमारियों से बचाव और समय पर उपचार कराने के प्रति जागरूक भी किया मेले में बुखार और चर्म रोग से पीड़ित मरीजों की संख्या सर्वाधिक रही।
चिकित्सकों और स्वास्थ्य कर्मियों ने इन मरीजों की जांच कर उन्हें बीमारी के अनुसार दवाएं और आवश्यक चिकित्सकीय सलाह दी। ग्रामीणों को स्वच्छता, साफ पानी के सेवन और मौसमी बीमारियों से बचाव के उपायों के बारे में भी जानकारी दी गई।
मेले की व्यवस्थाओं और स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता का जायजा लेने के लिए बीपीएम पयागपुर अनुपम शुक्ल ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र खुनौरा और पहलवारा का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने मरीजों को दी जा रही सेवाओं का अवलोकन किया और स्वास्थ्य कर्मियों को आवश्यक विभागीय सुझाव दिए।
शुक्ल ने निर्देश दिया कि मेले में आने वाले प्रत्येक मरीज को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा प्रदान की जाए और उनकी समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाए इस आयोजन में डॉ. श्रीकेश वर्मा, गुंजन गोपाल मिश्रा, केके शुक्ल, महफूज अंसारी, प्रतिभा देवी, स्टाफ नर्स अंकित पाठक, राजेंद्र यादव सहित आशा कार्यकर्ता और अन्य स्वास्थ्य कर्मी उपस्थित रहे। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने बताया कि इन जन आरोग्य मेलों का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को उनके नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पर ही प्राथमिक जांच, उपचार, टीकाकरण और स्वास्थ्य संबंधी परामर्श उपलब्ध कराना है।
ये भी पढ़ें :
बहराइच से लखनऊ पैदल यात्रा पर सपा कार्यकर्ता : मिशन 2027 के लिए महसी में हुआ स्वागत; अंगवस्त्र पहनाकर अभिनंदन
