Bahraich news : जलभराव के चलते गिरा विशाल पेड़, बिजली के तीन खंभे टूटे; विद्युत् आपूर्ति बाधित होने से लोगों की मुश्किलें बढ़ी
बहराइच, अमृत विचार। नगर पंचायत पयागपुर के नई बस्ती मोहल्ले में जलभराव के कारण शनिवार देर रात एक विशाल पेड़ अचानक गिर गया। पेड़ की चपेट में आने से बिजली के तीन खंभे क्षतिग्रस्त हो गए, जिससे भूपगंज बाजार समेत आसपास के क्षेत्रों की विद्युत आपूर्ति बाधित हो गई।
गनीमत रही कि पेड़ गिरने के समय वहां कोई व्यक्ति मौजूद नहीं था, जिससे बड़ा हादसा होने से टल गया स्थानीय लोगों के मुताबिक रविवार तड़के करीब चार बजे अचानक तेज आवाज सुनाई दी। बाहर निकलकर देखा तो विशाल पेड़ सड़क पर गिरा पड़ा था और उसकी चपेट में आने से बिजली के खंभे टूट गए थे।
घटना की सूचना तत्काल विद्युत विभाग को दी गई। विभाग ने एहतियातन विद्युत आपूर्ति बंद कर दी, जिससे किसी अनहोनी की आशंका टल सके बिजली आपूर्ति बाधित होने से भूपगंज बाजार के दुकानदारों और आसपास के मोहल्लों के लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
वहीं, पेड़ और टूटे खंभों के कारण आवागमन भी प्रभावित रहा सामाजिक कार्यकर्ता नितिन माहेश्वरी और सौरभ शुक्ला ने प्रशासन से जलभराव की समस्या का तत्काल अस्थायी समाधान कराने की मांग की है।
उन्होंने क्षतिग्रस्त बिजली खंभों को शीघ्र दुरुस्त कर आपूर्ति बहाल करने की भी मांग की। स्थानीय नागरिकों ने नगर पंचायत प्रशासन से जलभराव वाले स्थानों को चिह्नित कर स्थायी जल निकासी की व्यवस्था कराने तथा जर्जर पेड़ों और बिजली के खंभों का नियमित निरीक्षण कराने की मांग की है।
