म्यांमार सेना ने सू की पर लगाया बड़ा आरोप, 6 लाख डॉलर,11 किलो सोना रिश्वत लेने का दावा
नाएप्यीडॉ। म्यांमार के सैन्य शासकों ने अपदस्थ लोकतंत्र समर्थक नेता आंग सान सू की के खिलाफ अब तक के सबसे गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि उन्होंने अवैध रूप से 600,000 डॉलर तथा 11 किलोग्राम सोना लिया है। बीबीसी की रिपोर्ट के मुताबिक सेना ने हालांकि इस आरोप की पुष्टि के लिए कोई सबूत …
नाएप्यीडॉ। म्यांमार के सैन्य शासकों ने अपदस्थ लोकतंत्र समर्थक नेता आंग सान सू की के खिलाफ अब तक के सबसे गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि उन्होंने अवैध रूप से 600,000 डॉलर तथा 11 किलोग्राम सोना लिया है।
बीबीसी की रिपोर्ट के मुताबिक सेना ने हालांकि इस आरोप की पुष्टि के लिए कोई सबूत मुहैया नहीं कराया है। वहीं सू की की पार्टी ने इस आरोप को खारिज किया है।
जुंटा के प्रवक्ता ब्रिगेडियर जनरल जाव मिन टुंग ने गुरुवार को कहा कि सू की के खिलाफ आरोप यंगून के पूर्व मुख्यमंत्री फियो मियां थीन द्वारा लगाए गए थे, जिन्होंने उन्हें ( सू की) को पैसे दिए थे। उन्होंने कहा कि अपराध निरोधक समिति इन आरोपों की जांच कर रही है। उन्होंने म्यांमार के अपदस्थ राष्ट्रपति विन म्यिंट तथा कई कैबिनेट मंत्रियों पर भी भ्रष्टाचार के आरोप लगाए।
म्यांमार में सुरक्षा बलों की कार्रवाई में 10 प्रदर्शनकारियों की मौत
म्यांमार में तख्तापलट के खिलाफ प्रदर्शनकारियों पर सुरक्षा बलों की गोलीबारी में गुरुवार को 10 लोगों की मौत हो गयी। वहीं, संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद ने म्यांमार से बर्बर बल प्रयोग रोकने की अपील की है। इस बीच, संयुक्त राष्ट्र के एक विशेषज्ञ ने कहा कि मानवता के खिलाफ अपराध के और सबूत मिले हैं। सोशल मीडिया और स्थानीय मीडिया में आई खबरों में कहा गया कि गुरुवार को मायिंग में सुरक्षा बलों की कार्रवाई में छह प्रदर्शनकारी मारे गए। इसके अलावा यांगून, मांडले, बागो और तुआंगू में एक-एक प्रदर्शनकारी की मौत हो गयी। मारे गए प्रदर्शनकारियों की तस्वीरें भी पोस्ट की गयी है।
