बिजनौर: जंगल में पेड़ से लटका मिला महिला का शव, हत्या की जताई आशंका

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बिजनौर/चांदपुर, अमृत विचार। क्षेत्र के ग्राम महमूदपुर के जंगल में बेटी के साथ पशुओं के लिए चारा लेने गई महिला का शव गन्ने के खेत में दुपट्टे के सहारे पेड़ से लटकता मिला। घटना की जानकारी होने पर गांव में हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के …

बिजनौर/चांदपुर, अमृत विचार। क्षेत्र के ग्राम महमूदपुर के जंगल में बेटी के साथ पशुओं के लिए चारा लेने गई महिला का शव गन्ने के खेत में दुपट्टे के सहारे पेड़ से लटकता मिला। घटना की जानकारी होने पर गांव में हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

जानकारी के अनुसार थाना क्षेत्र के ग्राम महमूदपुर की रहने वाली बबीता 45 वर्ष पत्नी सर्वेश सिंह गुरुवार की सुबह 8 बजे अपनी बेटी रेखा के साथ पशुओं के लिए चारा लेने जंगल गई थी। रेखा अपने खेत में चारा काट रही थी। बबीता चारे की गड्डी बांधने के लिए पास में स्थित खेत से गन्ने के पत्ते छुड़ाने गई थी, तभी महिला गायब हो गई। महिला की पुत्री रेखा चारे की गड्डी लेकर घर आ गई।

लेकिन, मां को घर पर भी न देख वह अपनी दादी के साथ उसे तलाश करने जंगल चली गई। जंगल में काफी देर तलाश करने के बाद भी जब उसे मां दिखाई नहीं पड़ी तो वह रोते हुए घर लौट आई। घर पहुंचकर उन्होंने घटना की जानकारी परिजनों को दी। सूचना मिलने पर परिजन व दर्जनों की संख्या में ग्रामीण महिला को तलाश करने जंगल की ओर चले गये।

लगभग दो घंटे तलाश करने के बाद ग्रामीणों को महिला का शव उसके खेत से काफी दूर गन्ने के खेतों के बीच खड़े पापुलर के पेड़ से दुपट्टे के सहारे बंधा पड़ा मिला। महिला का शव देखकर परिजनों की चीख निकल गई। सूचना मिलने पर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक मनोज कुमार व क्षेत्राधिकारी शुभ सूचित कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में ले लिया।

मामला दलित महिला से जुड़ा होने के चलते उच्चाधिकारियों के निर्देश पर निकटवर्ती थाने हीमपुर दीपा की पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बिजनौर भेज दिया। महिला की हत्या गला घोंटकर किये जाने का अंदेशा है। महिला के पति सर्वेश ने बताया कि हत्यारे ने मृतक की नाक व कान में पहने सोने के आभूषण तथा गले का सोने का लॉकेट भी लूट लिया है। सर्वेश ने घटना की तहरीर स्थानीय कोतवाली में दे दी है। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक मनोज कुमार ने पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद घटना के तथ्यों का पता लगने की बात कही है।